Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
टॉप न्यूज़

उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट: पिथौरागढ़, बद्रीनाथ-हेमकुंड में बर्फबारी; बागेश्वर में लैंडस्लाइड, केदारनाथ मार्ग पर महिला की मौत

कुमाऊं में तेज बारिश से कई सड़कें बंद; पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून | उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। पिथौरागढ़ की पंचाचूली, हरदेवल, नंदा देवी और नंदा कोट के साथ चमोली में बद्रीनाथ-हेमकुंड और फूलों की घाटी की ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई। बारिश और बर्फबारी के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।

वहीं, कई जिलों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने से सड़कें प्रभावित हुई हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से महाराष्ट्र की 60 वर्षीय महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई।

चार जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखा गया है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

केदारनाथ मार्ग पर पत्थर गिरने से महिला तीर्थयात्री की मौत

बारिश के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में महाराष्ट्र की 60 वर्षीय महिला तीर्थयात्री आ गईं। हादसे में उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया। करीब तीन घंटे बाद रास्ते से मलबा और पत्थर हटाए जाने के बाद यात्रा फिर शुरू की गई।

पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग पर गिरे बोल्डर

पिथौरागढ़ में सोमवार सुबह धारचूला-आदि कैलाश मोटर मार्ग पर बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, लैंडस्लाइड के कारण घाट-पनार सड़क भी बंद हो गई। सड़क पर मलबा आने से हल्द्वानी और गंगोलीहाट जाने वाले वाहन प्रभावित हुए। रास्ता खोलने का काम जारी है।

बागेश्वर-कपकोट रोड पर लगातार गिर रहे पत्थर

बागेश्वर-कपकोट रोड आरे के पास बंद है। यहां पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी है।

पौड़ी गढ़वाल में भी भूस्खलन से करीब 7 गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। चमोलीसैंण-नैनी कोटली मोटर मार्ग की लिंक रोड पर पाटली और कोटली गांव के बीच भारी मलबा आने से सड़क बंद हो गई है।

चंपावत में NH-309A बंद

चंपावत में बारिश के कारण घाट-पनार NH-309A का हिस्सा बंद है। कुछ संपर्क मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। सड़कों से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने का काम चल रहा है।

जिले में बिजली और पेयजल आपूर्ति सामान्य बताई गई है। शारदा नदी का जलस्तर रेड लाइन से नीचे है।

रुद्रप्रयाग में अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा

रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के चलते अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। वहीं, केदारघाटी में भी रुक-रुककर बारिश जारी है।

केदारनाथ हाईवे पर बांसबाड़ा में पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण मार्ग प्रभावित रहा।

रामनगर में चलती मैक्स पर गिरा पेड़

रामनगर के ढिकुली में यात्रियों से भरी चलती मैक्स पर पेड़ गिर गया। हादसे में चालक घायल हुआ, जबकि वाहन में सवार यात्री सुरक्षित रहे।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

8 सितंबर: पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अति तेज बारिश का दौर संभव है। यलो अलर्ट जारी है।

9 सितंबर: पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली के साथ तेज से अति तेज बारिश की संभावना है।

10 सितंबर: देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज और बिजली के साथ तेज बारिश के दौर की संभावना है।

 Keywords

Uttarakhand Weather News, Uttarakhand Rain Alert, Pithoragarh Snowfall, Badrinath Snowfall, Hemkund Sahib Snowfall, Kedarnath Yatra, Uttarakhand Landslide, उत्तराखंड मौसम, उत्तराखंड बारिश, पिथौरागढ़ बर्फबारी, केदारनाथ मार्ग, उत्तराखंड लैंडस्लाइड

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!