हिल स्टेशन घुमाने के बहाने ले गया, ट्रेन से नाबालिग को धक्का देने का आरोप: पटना में 15 वर्षीय किशोरी घायल; आरोपी युवक फरार
दोनों ने पटना जंक्शन से पैसेंजर ट्रेन पकड़ी थी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन पर ट्रेन बदलने वाले थे; फुलवारी शरीफ के पास ट्रेन धीमी होते ही घटना

फुलवारीशरीफ, पटना। पटना के फुलवारी शरीफ रेलवे स्टेशन के पास एक 19 वर्षीय युवक पर अपनी 15 वर्षीय नाबालिग गर्लफ्रेंड को चलती ट्रेन से धक्का देने का आरोप लगा है। हादसे में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए गर्दनीबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति ठीक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों हाजीपुर के रहने वाले हैं। आरोपी युवक की पहचान प्रियांशु कुमार (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु किशोरी को हिल स्टेशन घुमाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था।
पटना जंक्शन से पकड़ी थी पैसेंजर ट्रेन
जानकारी के मुताबिक, दोनों ने पटना जंक्शन से लोकल पैसेंजर ट्रेन पकड़ी थी। उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन पहुंचकर ट्रेन बदलनी थी। इसी दौरान फुलवारी शरीफ रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार कुछ कम हुई।
किशोरी के बयान के मुताबिक, इसी दौरान प्रियांशु ने उसे ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। ट्रेन से गिरने के कारण किशोरी घायल हो गई।
जीआरपी ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने के बाद जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल किशोरी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
पटना जीआरपी प्रभारी मुकेश कुमार के मुताबिक, किशोरी के बयान के आधार पर प्रियांशु कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
स्टेशन पर CCTV नहीं मिला
पुलिस के अनुसार, संबंधित प्लेटफॉर्म पर CCTV कैमरा उपलब्ध नहीं होने के कारण घटना का प्रत्यक्ष फुटेज नहीं मिल पाया है। जांच एजेंसियां किशोरी के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही हैं।
धक्का देने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फुलवारी शरीफ जीआरपी अधिकारी कुसुम कुमार ने बताया कि घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किशोरी को ट्रेन से धक्का देने के पीछे क्या कारण था और घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं।
पुलिस आरोपी युवक की तलाश के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



