सिरसा में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन: जसवंत हत्याकांड में DSP ने एक सप्ताह में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया; बठिंडा में रेड की मांग
परिजनों ने कहा- आरोपी पंजाब भागे होने की आशंका, परिवार ने जताया जान का खतरा; पुलिस बोली- आरोपियों की तलाश में दबिश जारी

सिरसा जिले के गांव खोखर में जसवंत सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन थाना घेराव की तैयारी में थे। इसकी सूचना मिलने पर डीएसपी कालांवाली परिवार से मिलने पहुंचे और आरोपियों को एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन मान गए और पोस्टमार्टम के बाद जसवंत सिंह का अंतिम संस्कार कराने पर सहमत हुए। परिवार का कहना है कि वे पुलिस को एक सप्ताह का समय देंगे। यदि इस अवधि में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी पंजाब के बठिंडा क्षेत्र में छिपे हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से बठिंडा में भी दबिश देने की मांग की है। परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
आरोपियों की तलाश में रूट खंगाल रही पुलिस
पुलिस आरोपियों के गांव खोखर तक पहुंचने और वारदात के बाद वहां से निकलने के रास्तों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किस रास्ते से गांव में आए और वारदात के बाद किस दिशा में गए।
परिजनों के अनुसार, आरोपी वाहन से गांव पहुंचे थे। उन्होंने कथित तौर पर वाहन को गांव से बाहर खड़ा किया और हथियार लेकर पैदल घर तक पहुंचे। इसके बाद दीवार फांदकर घर में प्रवेश करने की बात भी परिजनों ने बताई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
जमीन को लेकर विवाद का आरोप
जसवंत सिंह की पत्नी जश्नप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनके अनुसार, जसवंत जमीन बेचना नहीं चाहते थे, जबकि उनके पिता दलविंदर सिंह कथित तौर पर उनके हिस्से की जमीन भी बेचना चाहते थे।
परिवार के अनुसार, करीब तीन एकड़ जमीन बेचने का प्रयास हुआ था। बाद में जसवंत ने पैसे देकर वह जमीन वापस अपने नाम रजिस्टर्ड कराई थी।
जश्नप्रीत के मुताबिक, परिवार के पास करीब 10 एकड़ पुश्तैनी जमीन है। दो भाइयों के हिस्से में करीब 5-5 एकड़ जमीन आती है। जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
परिजनों के अनुसार, इसी विवाद के बाद दलविंदर सिंह पंजाब के बठिंडा क्षेत्र के कामलो गांव में अपनी बेटी के पास रहने लगे थे।
विसरा जांच के लिए भेजा गया
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच के लिए भेजा है। पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान हत्या के कारण और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं को भी स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं परिजनों ने पुलिस के आश्वासन के बाद एक सप्ताह तक कार्रवाई का इंतजार करने की बात कही है।



