छत्तीसगढ़

रायपुर में पत्नी और दो बच्चों की हत्या, आरोपी पति ने खुद पर भी किया चाकू से हमला

चरित्र पर शक के चलते विवाद की आशंका, डूमरतराई में देर रात हुई वारदात; घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डूमरतराई इलाके में शनिवार देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भुनेश्वर साहू (34) ने कथित तौर पर अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू और दो नाबालिग बेटों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया, जिससे वह घायल हो गया।

घटना माना थाना क्षेत्र के साहू पारा की है। आरोपी मूल रूप से बालोद जिले का निवासी है और पिछले करीब दो वर्षों से परिवार के साथ डूमरतराई में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।

देर रात विवाद के बाद किया हमला

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 1:30 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी खिलेश्वरी पर चाकू से हमला किया। फिर उसने अपने दोनों बेटों आशीष (10) और ज्ञान (8) पर भी हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को भी मृत घोषित कर दिया। आरोपी घायल अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सब्जी मंडी में काम करते थे पति-पत्नी

पुलिस के अनुसार, भुनेश्वर और खिलेश्वरी दोनों सब्जी मंडी में काम करते थे। बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले भुनेश्वर ने काम छोड़ दिया था। पड़ोसियों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच चरित्र पर संदेह को लेकर अक्सर विवाद होता था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!