Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Uncategorized

जमीन विवाद तत्काल निपटाएं, भू-माफिया को संरक्षण न मिले : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री ने विधि-व्यवस्था समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हेमंत सोरेन ने मंगलवार को दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य की विधि-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस प्रशासन को अपराध नियंत्रण में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि नक्सली गतिविधियों पर लगातार नजर रखें और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

भू-माफिया पर सख्ती, जमीन विवाद तुरंत सुलझाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर से सटे इलाकों में जमीन संबंधी अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन शहरी क्षेत्रों के आसपास जमीन विवादों के मामलों पर विशेष ध्यान दे और उन्हें तत्काल निपटाए।

उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में भू-माफिया को संरक्षण न मिले। जमीन विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करे और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए।

हिरासत में यातना और मौत को सरकार गंभीरता से लेगी

हेमंत सोरेन ने कहा कि हिरासत के दौरान मौत या किसी भी प्रकार की यातना को सरकार बेहद गंभीरता से लेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने की हिदायत दी।

मुख्यमंत्री ने लापता बच्चों और महिलाओं की सुरक्षित बरामदगी को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आम लोगों को भयमुक्त वातावरण देना सरकार की जिम्मेदारी है।

नशे के कारोबार पर चलाएं विशेष अभियान

बैठक में मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और उन स्थानों की पहचान की जाए जहां ड्रग्स की खरीद-बिक्री हो रही है।

उन्होंने स्कूल-कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वालों पर विशेष नजर रखने को कहा। साथ ही खूंटी, चतरा और रांची जिलों में अफीम की खेती रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसपी-डीएसपी को जनता से संवाद बढ़ाने की सलाह

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी निर्धारित समय पर अपने कार्यालय में मौजूद रहें और आम जनता से नियमित संवाद बनाए रखें। लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों का भी नियमित दौरा करने और वहां लोगों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का तत्काल समाधान निकालने के निर्देश दिए।

#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!