पंजाब

जवद्दी पुल के पास ओवरलोड ट्रॉली पलटी, 3 घंटे जाम से जूझे लोग

पराली से भरी ट्रॉली पलटने से दक्षिणी बाईपास पर यातायात ठप, चालक गिरफ्तार

लुधियाना | जवद्दी पुल के पास रविवार देर रात ओवरलोड पराली से भरी ट्रॉली पलटने से सड़क पर लंबा जाम लग गया। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन सड़क पर फैली पराली के कारण सुबह लोगों को करीब तीन घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात करीब 3 बजे दक्षिणी बाईपास पर पराली से लदी ओवरलोड ट्रॉली अनियंत्रित होकर बीच सड़क पलट गई। ट्रॉली पलटते ही पराली के बड़े-बड़े बंडल सड़क पर बिखर गए, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सुबह 6 बजे से 9 बजे तक राहगीर और वाहन चालक जाम में फंसे रहे। लंबा जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली।

सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक विभाग जोन-6 की टीम मौके पर पहुंची। इंचार्ज हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में करीब 10 बजे जेसीबी की मदद से सड़क से पराली हटाकर यातायात बहाल किया गया।

वहीं थाना दुगरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच अधिकारी अमोलक सिंह के अनुसार फरार चालक को दोपहर में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोगा से समराला जा रहा था। मॉडल टाउन क्षेत्र में पुल के नीचे उतरते समय ओवरलोडिंग के कारण वजन एक तरफ खिसक गया, जिससे ट्रॉली पलट गई।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही और ओवरलोडिंग के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दी है।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!