श्री माछीवाड़ा साहिब | माछीवाड़ा क्षेत्र में गगनदीप सिंह बिल्ला हत्याकांड को लेकर सामाजिक संस्थाओं, किसान यूनियनों और परिजनों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। विभिन्न जत्थेबंदियों ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को कुछ संगठनों द्वारा थाना माछीवाड़ा का घेराव और सड़क जाम करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन फिलहाल टाल दिया गया। पुलिस और जत्थेबंदियों के बीच हुई बातचीत में संगठनों ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 15 मई तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए तो नेशनल हाईवे जाम कर बड़ा रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
खन्ना पुलिस जिला की एसपी हरपिंदर कौर ने संगठनों को भरोसा दिलाया कि तय समय से पहले ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि करीब 10 पुलिस टीमें लगातार छापेमारी में जुटी हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुरक्षा के मद्देनजर माछीवाड़ा में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे पूरा शहर पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखी।
वहीं पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद सोमवार को गगनदीप सिंह बिल्ला का समराला के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद उनके पैतृक गांव हैडो बेट में नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार रत्तीपुर रोड पर दो गुटों के बीच हुई झड़प में गगनदीप सिंह बिल्ला की मौत हो गई थी, जबकि उनका साथी मनप्रीत सिंह मनी गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन है।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan