Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Uncategorized

कनेक्टिंग फ्लाईओवर के लिए अधिग्रहित जमीन पर कब्जा लेगा प्रशासन

कांटाटोली-सिरमटोली फ्लाईओवर का 45% काम पूरा, रैयतों को 10 मई तक मुआवजा दावा करने का अंतिम नोटिस

रांची: कांटाटोली-सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर परियोजना में तेजी आई है। करीब 1.25 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर का लगभग 45 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बहुबाजार की ओर पिलर निर्माण का काम पूरा हो गया है और अब गर्डर चढ़ाकर उस पर ढलाई की तैयारी की जा रही है। वहीं सिरमटोली चौक की ओर फिलहाल पिलर निर्माण का काम चल रहा है।

अधिग्रहित जमीन पर अब कब्जा लेगा प्रशासन
फ्लाईओवर के दोनों किनारों पर सर्विस रोड निर्माण के लिए प्रशासन ने चार वार्डों में करीब 2.23 एकड़ रैयती जमीन अधिग्रहित की है। अधिसूचना जारी होने के बावजूद अधिकतर रैयत अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं और मुआवजा लेने आगे नहीं आ रहे हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन अब अधिग्रहित जमीन पर कब्जा लेने की तैयारी में है।

10 मई तक मुआवजा लेने का अंतिम मौका
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने वार्ड संख्या 4, 5 और 6 के अलावा कोणका और सिरम मौजा की जमीन अधिग्रहित की है। इसमें एसपीजी मिशन, जीईएल मिशन और कई रैयतों की कुल 2.23 एकड़ जमीन शामिल है। प्रशासन ने सभी प्रभावित रैयतों को अंतिम नोटिस जारी कर 10 मई तक मुआवजा दावा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। तय तिथि तक आवेदन नहीं देने पर मुआवजा राशि सरकारी खजाने में जमा करा दी जाएगी।

रैंप को बिना बाधित किए जुड़ेगा फ्लाईओवर
कांटाटोली-सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर का डिजाइन रांची में इंजीनियरिंग का अनोखा उदाहरण बनने जा रहा है। यह फ्लाईओवर कांटाटोली और सिरमटोली फ्लाईओवर को जोड़ेगा, लेकिन दोनों मौजूदा रैंप को बिना बाधित किए। इसका निर्माण इस तरह किया जा रहा है कि दोनों ओर के फ्लाईओवर के रैंप के बगल से दो-दो लेन में कनेक्टिंग फ्लाईओवर जुड़ेगा।

लेन बदलकर चढ़ सकेंगे वाहन
कनेक्टिंग फ्लाईओवर पर चढ़ने के लिए कांटाटोली और सिरमटोली दोनों ओर से आने वाले वाहन चालकों को लेन बदलनी होगी। रैंप के बगल से जुड़ने वाले इस नए एलिवेटेड मार्ग के जरिए वाहन सीधे ऊपर-ऊपर आवागमन कर सकेंगे। इससे नीचे के ट्रैफिक पर दबाव कम होगा और आवागमन अधिक सुगम बनेगा।

रांची को मिलेगा 8 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर
कनेक्टिंग फ्लाईओवर के पूरा होने के बाद रांची को करीब 8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर मिलेगा। कांटाटोली और सिरमटोली फ्लाईओवर की मौजूदा लंबाई करीब 6.50 किलोमीटर है। कनेक्टिंग फ्लाईओवर जुड़ने के बाद यह पूरा कॉरिडोर एक साथ कनेक्ट हो जाएगा, जिससे शहर के बीचोंबीच जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी।

सिरमटोली चौक होगा जाम मुक्त
इस परियोजना के पूरा होने के बाद सिरमटोली चौक पूरी तरह जाम मुक्त होने की उम्मीद है। साथ ही रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। फ्लाईओवर के ऊपर से ट्रैफिक का निर्बाध संचालन होगा, जबकि नीचे के रैंप पहले की तरह स्थानीय यातायात के लिए काम करते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!