श्रीगंगानगर में नशा-हथियार तस्करी का भंडाफोड़: पाकिस्तान से आई हेरोइन, 2 आरोपी गिरफ्तार
हाईवे पर नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश, ट्रैक्टर से टकराई कार

श्रीगंगानगर जिले के समेजा कोठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा और हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। सोमवार दोपहर हाईवे-911 पर नाकाबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार कार से बैरिकेडिंग और ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
फिल्मी स्टाइल में भागने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, जैसे ही तस्करों ने नाकाबंदी देखी, उन्होंने रफ्तार बढ़ाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उनकी कार बंद हो गई, जिसके बाद दोनों आरोपी वाहन छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ जारी है और इनके नेटवर्क की जांच की जा रही है कि यह किन-किन तस्करों से जुड़े हुए हैं।
पाकिस्तान से आई नशे और हथियारों की खेप
बरामद सामान में 1.50 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 5 विदेशी पिस्टल और 72 राउंड कारतूस शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यह खेप पाकिस्तान से भेजी गई थी और इसे भारत में सप्लाई करने की योजना थी।
अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की जांच
पुलिस अब इस पूरे मामले को अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क से जोड़कर देख रही है। आरोपियों के पाकिस्तान और पंजाब के अन्य तस्करों से संबंधों की जांच की जा रही है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है। पूरे नेटवर्क को ट्रेस करने के लिए जांच तेज कर दी गई है और अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है।


