कालुआना संघर्ष मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो और आरोपी गिरफ्तार
दोनों पक्षों में हुए विवाद के मामले में अब तक 3 महिलाओं समेत 13 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी किए बरामद

डबवाली के गांव कालुआना में दो पक्षों के बीच हुए आपसी संघर्ष के मामले में चौकी गोरीवाला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहे भगवान दास उर्फ बिट्टू और रामकरण उर्फ करण को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक दोनों पक्षों से तीन महिलाओं सहित कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को गांव कालुआना में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और संघर्ष की घटना हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे। सूचना मिलने के बाद चौकी गोरीवाला प्रभारी एएसआई जगपाल सिंह की टीम ने दोनों पक्षों की शिकायतों, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 3 अगस्त को दोनों पक्षों से नरेंद्र, रणजीत, रजत, राजेंद्र कुमार, रवि और विकास को गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए थे। इसके बाद 10 अगस्त को अजय कुमार और देवीलाल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डंडे बरामद किए गए। वहीं 25 अगस्त को मामले में तीन महिला आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए भगवान दास और रामकरण को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में उनकी भूमिका, वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है तथा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर जारी रहेगी।




