Dabwali

डबवाली में चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच मनाया जाएगा 80वां स्वतंत्रता दिवस

संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर पुलिस की पैनी नजर, रेलवे स्टेशन-बाजारों समेत संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग; फाइनल रिहर्सल में जवानों, NCC और स्काउट ने दिखाया दमखम

डबवाली: 80वें स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए डबवाली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट कर दिया है। 15 अगस्त को डबवाली के श्री गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन श्री रोहताश जांगड़ा तथा राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कालांवाली में बीज विकास निगम के चेयरमैन श्री देव कुमार शर्मा ध्वजारोहण करेंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस ने समारोह स्थलों के साथ-साथ जिले के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, होटल, पीजी, धर्मशालाओं और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। बुधवार को राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल मंडी कालांवाली और श्री गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम मंडी डबवाली में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें पुलिस जवानों, NCC कैडेट्स और स्काउट टुकड़ियों ने शानदार परेड मार्च प्रस्तुत किया। अनुशासित परेड के साथ स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साह और देशप्रेम से भर दिया। डबवाली स्टेडियम में रिहर्सल का निरीक्षण DSP मुख्यालय योगेश कटारिया और तहसीलदार सुनील कुमार ने किया, जबकि कालांवाली में DSP ललित कुमार और नायब तहसीलदार सतीश कुमार ने तैयारियों का जायजा लिया। डबवाली में परेड कमांडर उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार और कालांवाली में उपनिरीक्षक सज्जन सिंह रहेंगे। पुलिस विभाग के अनुसार स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों और गुप्त सूचना इकाइयों को अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने, नियमित गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। होटल, पीजी और धर्मशालाओं के संचालकों को भी वहां ठहरने वाले लोगों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, पहचान पत्र की जांच करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ आमजन की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। डबवाली पुलिस ने जिला वासियों से स्वतंत्रता दिवस को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील करते हुए कहा है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए डायल 112, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 या नजदीकी थाना अथवा पुलिस चौकी से संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!