Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwali

यातायात नियमों की परीक्षा देंगे डबवाली के 46 हजार से अधिक विद्यार्थी

सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 236 स्कूलों, 3 आईटीआई और 6 कॉलेजों के विद्यार्थी लेंगे हिस्सा

डबवाली पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को बचपन से ही यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में डबवाली और ओढ़ा ब्लॉक के 236 सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों, 3 आईटीआई तथा 6 कॉलेजों के कुल 46,413 विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतियोगिता पांच चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रथम चरण स्कूल स्तर, दूसरा खंड स्तर, तीसरा जिला स्तर, चौथा रेंज स्तर और पांचवां प्रदेश स्तर पर होगा। स्कूल स्तर पर कक्षा तीसरी से पांचवीं, छठी से आठवीं, नौवीं से बारहवीं तथा महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थी अपने-अपने वर्ग में भाग लेंगे। प्रथम चरण की प्रतियोगिता 31 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रश्नोत्तरी में यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों, हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, सुरक्षित ड्राइविंग और सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। विभिन्न चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अगले स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जबकि प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। जिला पुलिस की ओर से भी प्रतिभागियों और विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बच्चे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने माता-पिता, भाई-बहनों और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें। पुलिस ने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने और यातायात नियमों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना तथा यातायात संकेतों का सम्मान करना सड़क सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमें स्कूलों एवं परीक्षा स्थलों के आसपास व्यवस्था का जायजा लेंगी। डबवाली पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यातायात नियमों का पालन जीवनभर किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों में आज पैदा की गई जागरूकता भविष्य में सुरक्षित यातायात व्यवस्था की मजबूत नींव साबित हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!