Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwali

जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सन रिबॉर्न फाउंडेशन ने बढ़ाया मदद का हाथ

आर्थिक सहायता देकर परिवार का कम किया बोझ, समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय है संस्था

डबवाली में सामाजिक संस्था सन रिबॉर्न फाउंडेशन ने जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। कबीर नगर निवासी जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में संस्था की ओर से विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग किया गया, जिससे परिवार पर आया आर्थिक बोझ कुछ कम हो सका। संस्था की प्रधान कृतिका ग्रोवर एवं सचिव पुनीत ग्रोवर ने बताया कि फाउंडेशन की टीम जरूरतमंद परिवार के सुख-दुख में साथ खड़े रहने के उद्देश्य से लगातार सेवा कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माता-पिता अपनी बेटी के विवाह को लेकर अनेक सपने देखते हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इन सपनों को पूरा करना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे परिवारों की सहायता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसी भावना के साथ फाउंडेशन जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। कृतिका ग्रोवर ने बताया कि सन रिबॉर्न फाउंडेशन डबवाली में समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय है। संस्था की ओर से स्वर्ग भूमि (रामबाग) में करीब दो लाख रुपये की लागत से विशाल शेड का निर्माण करवाया गया है। इसके अलावा नंदीशाला, शक्ति अनाथ आश्रम एवं गोशाला में भी शेड निर्माण करवाए गए हैं। संस्था की ओर से प्रत्येक शनिवार रेलवे स्टेशन स्थित शनि मंदिर के बाहर लंगर सेवा आयोजित की जाती है, जबकि कॉलोनी रोड स्थित सेठी डेयरी पर जरूरतमंद एवं श्रमिक वर्ग के लोगों को प्रतिदिन मात्र 20 रुपये में भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। शक्ति अनाथ आश्रम में समय-समय पर लंगर सेवा, सहायता और जरूरतमंद परिवारों को मासिक राशन भी वितरित किया जाता है। संस्था द्वारा जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ गर्मी के मौसम में राहगीरों के लिए शीतल पेयजल की सेवा भी की जाती है। जरूरतमंद परिवारों को उनके घर के लिए राशन उपलब्ध करवाने का कार्य भी लगातार जारी है। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सम्मान के साथ राहत, सहयोग और अपनापन उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों और सामाजिक संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!