Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
देश

जयपुर कॉट्योर शो में रानी बनीं संदीपा धर: भारी राजस्थानी ज्वेलरी और ट्रेडिशनल ड्रेस में बोलीं- लगा जैसे भंसाली की फिल्म से निकली हूं

भारी राजस्थानी ज्वेलरी और ट्रेडिशनल ड्रेस में बोलीं- लगा जैसे भंसाली की फिल्म से निकली हूं

जयपुर कॉट्योर शो सीजन-14 के दूसरे दिन बॉलीवुड अभिनेत्री संदीपा धर ने ज्वेलरी डिजाइनर हुकुम सिंह के लिए शोस्टॉपर बनकर रैंप वॉक किया। इस दौरान संदीपा पारंपरिक राजस्थानी पोशाक और बेहद भारी पारंपरिक ज्वेलरी में नजर आईं। उनका शाही अंदाज देखकर शो में मौजूद दर्शकों की नजरें उन पर टिक गईं। रैंप वॉक के बाद संदीपा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इतनी खूबसूरत पोशाक और ज्वेलरी पहनकर उन्हें खुद को एक रानी जैसा महसूस हो रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा था जैसे वह किसी राजमहल में हैं और वह महल उनका अपना है। अपने लुक को लेकर उत्साहित संदीपा ने कहा कि वह शब्दों में अपनी खुशी बयां नहीं कर सकतीं और एक लड़की के तौर पर इस तरह तैयार होना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे वह सीधे संजय लीला भंसाली की किसी फिल्म से निकलकर आई हों। संदीपा ने ज्वेलरी डिजाइनर हुकुम सिंह और शिव ज्वेलर्स का आभार जताते हुए कहा कि राजस्थान की संस्कृति का हिस्सा बनने और इस तरह की पारंपरिक पोशाक व आभूषण पहनने का अवसर उनके लिए खास अनुभव है। उन्होंने राजस्थान की रानियों द्वारा पहनी जाने वाली भारी ज्वेलरी का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी ज्वेलरी पहनना आसान नहीं है, लेकिन इसे पहनने के बाद शरीर और व्यक्तित्व में एक अलग तरह का ठहराव और ग्रेस महसूस होता है। उन्होंने कहा कि शायद इसी वजह से पुराने समय की रानियां इतनी शाही और ग्रेसफुल दिखाई देती थीं। संदीपा ने हंसते हुए कहा कि वह खुद सिर्फ एक दिन इतनी भारी ज्वेलरी और पोशाक पहनकर थक गईं, जबकि उस दौर की महिलाएं रोजाना इतने भारी आभूषण और परिधान संभालती थीं। उन्होंने इसे महिलाओं की अद्भुत क्षमता बताते हुए कहा कि महिलाएं किसी मायने में सुपर ह्यूमन होती हैं। संदीपा का राजस्थान से जुड़ाव भी पिछले कुछ समय में और मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि वह करीब तीन महीने तक बीकानेर में शूटिंग कर रही थीं और इस दौरान जयपुर भी आती-जाती रहीं। इस दौरान उन्हें राजस्थान की संस्कृति, कला और खान-पान को करीब से जानने का अवसर मिला। राजस्थान के खाने की तारीफ करते हुए अभिनेत्री ने मजाक में कहा कि यहां की थालियां खाते-खाते उनका वजन करीब पांच-छह किलो बढ़ गया, लेकिन खाना इतना स्वादिष्ट है कि उसे छोड़ना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि राजस्थान से उनका जुड़ाव सिर्फ खान-पान तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की फाइन आर्ट, फर्नीचर, ज्वेलरी और पारंपरिक पोशाकें भी उन्हें बेहद प्रभावित करती हैं। संदीपा ने कहा कि राजस्थान की सबसे खास बात यह है कि यहां कला केवल संग्रहालयों या प्रदर्शनियों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। जयपुर कॉट्योर शो में उनका यह राजस्थानी लुक फैशन, संस्कृति और पारंपरिक कला के खूबसूरत संगम के रूप में नजर आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!