नशा तस्करों पर डबवाली पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य तस्कर सहित 2 आरोपी गिरफ्तार
11.900 ग्राम हेरोइन बरामद, पुलिस ने नशा सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए फरार चल रहे मुख्य तस्कर को दबोचा

डबवाली में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर के कुशल नेतृत्व में डबवाली पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अपनाई गई ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है और मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ इनके पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत सीआईए कालांवाली और थाना कालांवाली पुलिस टीमों ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मुख्य तस्कर सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान कुल 11.900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार प्रभारी सीआईए स्टाफ कालांवाली निरीक्षक विश्व गौरव की टीम ने गश्त एवं पड़ताल के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर मंडी कालांवाली में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को काबू किया। शक के आधार पर नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.900 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरदौल सिंह उर्फ लाला के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत थाना कालांवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा उसे माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एक अन्य मामले में सीआईए स्टाफ कालांवाली ने 14 अगस्त 2026 को गांव जगमालवाली से आरोपी गुरप्रीत सिंह को 06.160 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना कालांवाली में मामला दर्ज कर नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान थाना कालांवाली प्रभारी निरीक्षक देवीलाल की टीम ने महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए इस मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर आरोपी कर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी कर्मवीर को माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी कर्मवीर के खिलाफ थाना कालांवाली में वर्ष 2024 में हत्या एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित एक अभियोग तथा वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट से संबंधित एक अन्य अभियोग भी दर्ज है। डबवाली पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि यदि उन्हें नशा तस्करी या नशे के सेवन से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा अपने नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है और सामूहिक प्रयासों से नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।




