समाधान शिविर में 15 शिकायतें, एडीसी ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
एडीसी अर्पित संगल बोले—कोई भी पात्र नागरिक जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं के लाभ से वंचित न रहे

सिरसा में आमजन की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों के तहत सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों के जल्द समाधान के निर्देश दिए। जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविर आयोजित किए गए, जिनमें कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। एडीसी अर्पित संगल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए पात्र किसी भी नागरिक को परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी पात्र व्यक्ति को योजना के क्रियान्वयन या सरकारी सेवा का लाभ लेने में समस्या आती है तो उसका समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिविर में पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की ढिलाई, लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निभाए। एडीसी ने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित समाधान शिविरों का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय और उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर लगाए जाते हैं, जहां नागरिक अपनी शिकायतें रखकर उनका निवारण करवा सकते हैं।



