शॉर्ट सर्किट से फ्लैट में लगी आग, पुलिस ने 80 साल की बुजुर्ग को गोद में उठाकर बचाया; लाखों का सामान जला
पुलिस ने 80 साल की बुजुर्ग को गोद में उठाकर बचाया; लाखों का सामान जला

जयपुर। जयपुर के वैशाली नगर इलाके में सोमवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद फ्लैट में धुएं का गुबार भर गया, जिससे एक परिवार के सात सदस्य तीसरी मंजिल पर फंस गए। सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और धुएं के बीच जाकर परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान चलने में असमर्थ करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को पुलिसकर्मी ने गोद में उठाकर फ्लैट से बाहर पहुंचाया और उनकी जान बचाई। पुलिस के अनुसार घटना करीब रात 1:30 बजे सिरसी रोड स्थित राजेंद्र नगर की मुस्कार रेजिडेंसी में हुई, जहां तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग की सूचना मिलते ही अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई और अधिकांश लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन धुएं का गुबार अधिक होने के कारण एक परिवार तीसरी मंजिल पर ही फंस गया। अपार्टमेंट के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। वैशाली नगर थाने में 112 ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल सुरेश चंद्र और चालक मोहन सिंह मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए धुएं से भरे फ्लैट में दाखिल होकर परिवार के सात सदस्यों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला चलने में असमर्थ थीं, जिन्हें पुलिसकर्मी ने गोद में उठाकर सुरक्षित बाहर पहुंचाया। सूचना के बाद दमकल की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया गया है कि संबंधित फ्लैट को नीरज पाठक ने गेस्ट हाउस के रूप में इस्तेमाल के लिए रखा हुआ था। आग की चपेट में आने से फ्लैट में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना में परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई से समय रहते लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।




