आंखों की रोशनी रहे बरकरार, तभी खूबसूरत लगे संसार: गुरदीप कामरा ‘दर्दी’
आर्थिक मजबूरी इलाज में बाधा न बने, 8 सितंबर को अग्रवाल धर्मशाला में लगेगा निशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर

डबवाली। लायंस क्लब मंडी डबवाली सुप्रीम एवं भजन देवी मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 8 सितंबर को अग्रवाल धर्मशाला, गोल बाजार में निशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर लगाया जाएगा। शिविर को लेकर मंगलवार शाम ओम होटल में क्लब पदाधिकारियों की ओर से प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें लायंस क्लब मंडी डबवाली सुप्रीम के प्रधान गुरदीप कामरा ‘दर्दी’ तथा ट्रस्ट प्रतिनिधि भूपेंद्र पाहुजा ने शिविर की विस्तृत जानकारी दी। गुरदीप कामरा ‘दर्दी’ ने कहा कि आंखें इंसान के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं और आंखों की रोशनी बरकरार रहेगी तभी संसार खूबसूरत दिखाई देगा। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि आर्थिक मजबूरी किसी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि समय पर आंखों की जांच करवाने से कई गंभीर समस्याओं की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है और उनका उपचार संभव है। शिविर में 8 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मरीजों की आंखों की निशुल्क जांच की जाएगी। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित शर्मा (विजन केयर अस्पताल) मरीजों की जांच करेंगे तथा मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान की जाएगी। जांच के दौरान ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को आगे की आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। ट्रस्ट प्रतिनिधि भूपेंद्र पाहुजा ने बताया कि शिविर में जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां एवं चश्मे भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मोतियाबिंद के कारण बड़ी संख्या में लोगों को देखने में परेशानी होती है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई लोग समय पर उपचार नहीं करवा पाते। ऐसे लोगों के लिए यह शिविर काफी लाभदायक साबित होगा। उन्होंने शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अपील की कि जिन लोगों को आंखों से संबंधित परेशानी है अथवा मोतियाबिंद की शिकायत है, वे शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच अवश्य करवाएं। शिविर में आने वाले मरीजों से 8 सितंबर को सुबह 9 बजे पहुंचकर पंजीकरण करवाने की अपील की गई है। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि लायंस क्लब मंडी डबवाली सुप्रीम द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं और भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सुदेश वर्मा, संजय कटारिया, समर्थ चावला, पवन गर्ग, विपिन अरोड़ा, नितिन सेठी एवं डॉ. अश्वनी सचदेवा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जरूरतमंद मरीजों को शिविर तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि कोई भी व्यक्ति केवल आर्थिक परेशानी के कारण आंखों के इलाज से वंचित न रहे।



