Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
छत्तीसगढ़

हसदेव नदी में बहे 3 छात्रों के शव बरामद: एक का पैर फिसला तो बचाने कूदे थे दो दोस्त; 48 घंटे बाद मिले शव

बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं पिकनिक मनाने पहुंचे थे देवरी; सेल्फी के दौरान एक का पैर फिसला, बचाने कूदे दो दोस्त भी तेज बहाव में बह गए

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी में बहे तीन छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शनिवार को एक छात्र का शव मिला था, जबकि रविवार को SDRF की टीम ने बाकी दो छात्रों के शव भी बरामद कर लिए। दोनों शव नदी में पत्थरों के नीचे बने खोखले हिस्से में फंसे हुए थे।

मृतकों की पहचान मुरारी साहू (22), पवन लाल (22) और सचिन सिंह (23) के रूप में हुई है। तीनों बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी.फार्मा फर्स्ट ईयर के छात्र थे।

8 दोस्तों का ग्रुप पिकनिक मनाने पहुंचा था

CSP योगिताबाली खापर्डे के मुताबिक, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे देवरी गांव पहुंचे थे। ग्रुप में 4 लड़के और 4 लड़कियां शामिल थीं।

पिकनिक के दौरान मुरारी, पवन और सचिन नदी किनारे सेल्फी लेने के लिए खड़े थे। इसी दौरान पवन का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा।

दोस्त को बचाने नदी में कूदे थे मुरारी और सचिन

पवन को नदी में बहता देखकर मुरारी और सचिन उसे बचाने के लिए नदी में कूद गए। नदी के तेज बहाव की वजह से तीनों छात्र बह गए और लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को बुलाकर तलाश शुरू की गई। इसके बाद बिलासपुर SDRF की टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन संभाला।

शनिवार को मिला पवन का शव

तलाशी अभियान के दौरान शनिवार को घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर नगर सैनिक गोताखोरों को पवन लाल का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

इसके बाद बाकी दोनों छात्रों की तलाश लगातार जारी रही।

रविवार को मुरारी और सचिन के शव मिले

रविवार सुबह बिलासपुर SDRF की टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाया। करीब 6:15 बजे मुरारी साहू का शव बरामद किया गया। इसके करीब 45 मिनट बाद सुबह 7 बजे सचिन सिंह का शव भी मिल गया।

बताया गया कि दोनों शव नदी में पत्थरों के नीचे बने खोखले हिस्से में फंसे हुए थे।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!