करेंट अफेयर्स 15 सितंबर 2026: BRICS सम्मेलन का समापन, अमित शाह ने सेवा संकल्प अभियान की घोषणा; धीरज बोम्मादेवरा ने जीता आर्चरी वर्ल्ड कप गोल्ड
15 सितंबर के प्रमुख करेंट अफेयर्स में BRICS 2026 सम्मेलन, वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम, सेवा संकल्प अभियान और आर्चरी वर्ल्ड कप में भारत की बड़ी उपलब्धि शामिल

नई दिल्ली। सरकारी नौकरी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए 15 सितंबर 2026 के करेंट अफेयर्स में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और इतिहास से जुड़े कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम शामिल हैं। आज के प्रमुख मुद्दों में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का समापन, भारत में वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम का आयोजन, सेवा संकल्प अभियान और आर्चरी वर्ल्ड कप में धीरज बोम्मादेवरा की स्वर्णिम उपलब्धि शामिल है।
1. 18वें BRICS शिखर सम्मेलन 2026 का समापन
18वां BRICS शिखर सम्मेलन 12 से 14 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन की मेजबानी और अध्यक्षता की।
सम्मेलन के समापन पर नई दिल्ली घोषणापत्र जारी किया गया। इसमें डिजिटल कनेक्टिविटी, ग्लोबल साउथ, महिलाओं के नेतृत्व वाले नवाचार और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर जोर दिया गया।
BRICS देशों ने पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक विशेषज्ञ समूह के गठन का समर्थन किया। सदस्य देशों ने एकतरफा व्यापार शुल्कों की निंदा करते हुए विश्व व्यापार संगठन यानी WTO में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में स्थानीय मुद्राओं में व्यापार, वैश्विक व्यापार को आसान बनाने और सुरक्षित, समावेशी एवं नैतिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे।
BRICS की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर सदस्य देशों के नेताओं ने दो स्मारक डाक टिकट भी जारी किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन के दौरान तीन दिनों में 15 द्विपक्षीय बैठकें कीं।
BRICS से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य
- BRICS उभरती अर्थव्यवस्थाओं का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय समूह है।
- BRIC शब्द का इस्तेमाल पहली बार अर्थशास्त्री जिम ओ’नील ने 2001 में किया था।
- 2006 में BRIC देशों के विदेश मंत्रियों की औपचारिक बैठक शुरू हुई।
- पहला BRIC शिखर सम्मेलन 2009 में रूस में हुआ।
- 2010 में दक्षिण अफ्रीका के शामिल होने के बाद इसका नाम BRICS हो गया।
2. भारत पहली बार करेगा वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम की मेजबानी
भारत 15 से 18 सितंबर 2026 तक पहली बार वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम (WCEF) 2026 की मेजबानी कर रहा है।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल इस वैश्विक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
सम्मेलन में 65 से अधिक देशों के 2,000 से ज्यादा प्रतिनिधियों और हितधारकों के शामिल होने की उम्मीद है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्लोबल साउथ के साथ सहयोग बढ़ाना, सर्कुलर फाइनेंस को गति देना तथा नई तकनीकों और नवाचारों को प्रोत्साहित करना है।
इस दौरान भारत की ओर से चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
क्या है सर्कुलर इकोनॉमी?
सर्कुलर इकोनॉमी ऐसी व्यवस्था है जिसमें संसाधनों का इस्तेमाल करने के बाद उन्हें बेकार फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल, मरम्मत, रिसाइकिल या उत्पादन प्रक्रिया में वापस शामिल किया जाता है।
इसका उद्देश्य कचरे को कम करना, प्राकृतिक संसाधनों को बचाना तथा प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन को कम करना है।
3. अमित शाह ने सेवा संकल्प अभियान की घोषणा की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 14 सितंबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान की राष्ट्रव्यापी घोषणा की।
यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किया जा रहा है। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
इसकी शुरुआत मध्य प्रदेश के उज्जैन में भव्य दीपोत्सव के साथ किए जाने की योजना है। अभियान का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
इसके तहत सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा। दिल्ली में सेवा पखवाड़े के तहत पौधों से रंगोली बनाने जैसी पर्यावरण अनुकूल पहल भी शुरू की गई है।
4. धीरज बोम्मादेवरा ने आर्चरी वर्ल्ड कप में जीता गोल्ड
भारत के तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा ने आर्चरी वर्ल्ड कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में उनका सामना जापान के नाकानिशी जुन्या से हुआ। पांच सेट के मुकाबले के बाद दोनों खिलाड़ी 5-5 की बराबरी पर थे। इसके बाद शूट-ऑफ में धीरज ने परफेक्ट 10 का निशाना लगाया, जबकि जापानी खिलाड़ी 9 अंक ही हासिल कर सके।
इस जीत के साथ धीरज आर्चरी वर्ल्ड कप में व्यक्तिगत रिकर्व खिताब जीतने वाले भारत के दूसरे तीरंदाज बन गए।
इससे पहले डोला बनर्जी ने 2007 में दुबई में विमेंस इंडिविजुअल रिकर्व इवेंट का खिताब जीता था।
धीरज ने क्वार्टर फाइनल में तुर्की के बर्किम ट्यूमर को 7-1 से हराया था। सेमीफाइनल में उन्होंने फ्रांस के ज्यां-चार्ल्स वेलाडोंट को भी 7-1 से शिकस्त दी।
यह धीरज का पहला वर्ल्ड कप फाइनल था और उन्होंने पहली ही बार में खिताब जीत लिया। अब वह एशियाई खेलों में भारतीय रिकर्व टीम की अगुआई करेंगे।
5. हैदराबाद में होगा आर्चरी प्रीमियम लीग 2026 का दूसरा सीजन
आर्चरी प्रीमियम लीग (APL) 2026 का दूसरा सीजन 8 से 18 अक्टूबर तक हैदराबाद, तेलंगाना में आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भारत के 36 शीर्ष तीरंदाजों के साथ 10 देशों के 12 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
भारतीय खिलाड़ियों में दीपिका कुमारी, अतनु दास, धीरज बोम्मादेवरा, ज्योति सुरेखा वेन्नम और ओजस प्रवीण देवताले जैसे नाम शामिल हैं।
लीग के दूसरे सीजन में 15 सेकंड का शॉट क्लॉक भी प्रमुख आकर्षण रहेगा। प्रतियोगिता का आयोजन हैदराबाद के नेकलेस रोड स्थित पीपुल्स प्लाजा में किया जाएगा।
आज का इतिहास
1861: महान भारतीय इंजीनियर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया का जन्म हुआ। उनके जन्मदिन को भारत में इंजीनियर्स डे के रूप में मनाया जाता है।
1959: दूरदर्शन की शुरुआत दिल्ली से प्रायोगिक प्रसारण के रूप में हुई।
1971: पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वाले अंतरराष्ट्रीय संगठन ग्रीनपीस की स्थापना हुई।
1876: प्रसिद्ध बांग्ला उपन्यासकार और कथाकार शरत चंद्र चट्टोपाध्याय का जन्म हुआ।
1939: भारतीय राजनेता और अर्थशास्त्री सुब्रमण्यम स्वामी का जन्म हुआ।
परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण तथ्य
प्रश्न: 18वां BRICS शिखर सम्मेलन 2026 कहां आयोजित हुआ?
उत्तर: नई दिल्ली
प्रश्न: सेवा संकल्प अभियान की घोषणा किसने की?
उत्तर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
प्रश्न: धीरज बोम्मादेवरा ने किस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता?
उत्तर: आर्चरी वर्ल्ड कप फाइनल
प्रश्न: WCEF 2026 की मेजबानी कौन सा देश कर रहा है?
उत्तर: भारत
प्रश्न: आर्चरी प्रीमियम लीग 2026 का दूसरा सीजन कहां होगा?
उत्तर: हैदराबाद




