Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
patna

पटना सचिवालय के पास झोपड़ीनुमा घर में भीषण आग, इलाके में फैला धुआं

नौलखा मंदिर के पीछे सुबह अचानक भड़की आग, घर में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकले; दमकल ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र स्थित दारोगा राय पथ में बुधवार सुबह एक झोपड़ीनुमा घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग नौलखा मंदिर के पीछे बने एक घर में लगी और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। आग की ऊंची लपटों और धुएं के कारण आसपास का पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय झोपड़ीनुमा घर के पास स्थित चाय की दुकान पर कुछ लोग बैठे हुए थे। उन्होंने अचानक घर से आग की तेज लपटें निकलते देखीं तो शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आग लगने के दौरान घर के अंदर मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे समय रहते बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद बीजेपी नेता कृष्णा सिंह उर्फ कल्लू ने बताया कि वे लोग चाय की दुकान पर बैठे थे, तभी घर से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद शोर मचाया गया और घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने के लिए कहा गया। आग तेजी से फैलती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम के पहुंचने से पहले आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। लोगों ने बाल्टी, बर्तन और दूसरे साधनों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। घटना के दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे और इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम घटना की जांच कर रही है। आग से घर और उसमें रखे सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी कार्रवाई पूरी होने के बाद किया जाएगा। राहत की बात यह रही कि आग लगने के दौरान घर में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए और इस घटना में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!