शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर के ठिकानों पर EOU की रेड, पटना-बेगूसराय में तीन जगह तलाशी
आय से 90.04% अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप; पटना के आवास-ऑफिस और बेगूसराय के पैतृक घर पर एक साथ तलाशी, दस्तावेज व संपत्ति रिकॉर्ड खंगाल रही टीम

पटना। बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बिहार ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के पटना और बेगूसराय स्थित तीन ठिकानों पर गुरुवार सुबह एक साथ छापेमारी शुरू की गई।
EOU की करीब 15 सदस्यीय टीम सुबह 8:30 बजे पटना के खाजपुरा स्थित आकाशवाणी रोड के चंद्रतारा भवन पहुंची। यहां अधिकारी के आवास और कार्यालय में दस्तावेजों व संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इसके साथ ही बेगूसराय स्थित उनके पैतृक आवास पर भी टीम तलाशी ले रही है।
आय से 3.43 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति का आरोप
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, अजय कुमार सिंह पर अपनी ज्ञात आय से 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज किया गया है। केस भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 में संशोधन के बाद लागू प्रावधानों की धारा 13(2) के साथ धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।
बेसमेंट और पार्किंग की भी जांच
छापेमारी के दौरान EOU की टीम अधिकारी के आवास के बेसमेंट और पार्किंग की भी जांच कर रही है। वहां खड़े वाहनों और अन्य सामान की जानकारी जुटाई जा रही है। टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाल रही है।
बताया गया है कि छापेमारी के दौरान अजय कुमार सिंह अपने आवास पर मौजूद हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी भी मौके पर तैनात हैं।
कोर्ट के तलाशी वारंट पर कार्रवाई
EOU के मुताबिक यह कार्रवाई पटना स्थित विशेष न्यायालय निगरानी से जारी तलाशी वारंट के आधार पर की जा रही है। जांच एजेंसी ने एक साथ पटना और बेगूसराय के तीन ठिकानों को तलाशी के लिए चिन्हित किया है।
फिलहाल सभी स्थानों पर तलाशी जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों, संपत्ति और अन्य सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



