सिरसा में 30 से ज्यादा सफाई कर्मचारी हिरासत में, विरोध में निकाला पैदल मार्च
पुलिस सुरक्षा में प्रशासन ने उठवाया कचरा

Sirsa में हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों के विरोध के बीच शुक्रवार अल सुबह प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा में शहर के कई इलाकों से कचरा उठवाया। बस स्टैंड और डाकघर के पास लगे कचरे के बड़े ढेर को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
विरोध करने पहुंचे कर्मचारियों को पुलिस ने लिया हिरासत में
कचरा उठाने की सूचना मिलते ही धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान पुलिस ने 30 से ज्यादा प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें टाउन पार्क के पास छोड़ दिया गया। घटना के बाद कर्मचारियों में रोष फैल गया।
कर्मचारियों ने निकाला रोष मार्च
हिरासत में लिए गए कर्मचारियों के समर्थन में यूनियन के सदस्य टाउन पार्क पहुंचे और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सफाई कर्मचारी यूनियन ने पैदल रोष मार्च निकालते हुए नगर परिषद कार्यालय तक प्रदर्शन किया। वहां कर्मचारी दोबारा धरने पर बैठ गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान शहर में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई।
यूनियन ने लगाया धक्काशाही का आरोप
सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान Manoj Athwal ने प्रशासन की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि कचरा उठाने के लिए बाहरी लोगों को किराए पर बुलाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में जबरन कचरा उठवाया गया और विरोध करने वाले कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया।
मांगें पूरी होने पर एक दिन में सफाई का दावा
यूनियन का कहना है कि उनकी मुख्य मांग सफाई कर्मचारियों को पक्का करना और जनगणना के अनुसार नई भर्ती करना है। कर्मचारियों ने दावा किया कि यदि सरकार उनकी मांगें मान ले तो वे एक दिन में पूरे शहर का कचरा साफ कर सकते हैं।
शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित
हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। घरों से कचरा उठाने वाली गाड़ियां कचरा एक जगह जमा कर रही हैं, लेकिन नियमित उठान नहीं हो पा रहा। ऐसे में प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए शहर को साफ रखने की कोशिश कर रहा है।




