Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
videsh

सिरसा में मुस्कान हत्याकांड का खुलासा: मां का पता न बताने पर भड़का पिता, गला दबाकर जमीन पर पटका

पुलिस जांच में हत्या का आरोप सामने आया; आरोपी पिता राकेश वारदात से इनकार कर रहा, एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया

सिरसा जिले के खैरेकां गांव में 16 वर्षीय मुस्कान की मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान वारदात को लेकर कई अहम बातें सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार 29 अगस्त की शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच मुस्कान का पिता राकेश नाथ घर पहुंचा था। उस समय मुस्कान रसोई में खाना बना रही थी, जबकि उसकी मां कविता छोटी बेटी को दवा दिलाने के लिए सिरसा गई हुई थी। पुलिस जांच के मुताबिक घर लौटने के बाद राकेश ने अपनी बेटी से उसकी मां के बारे में पूछा, लेकिन मुस्कान द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर वह कथित तौर पर गुस्से में आ गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने बेटी का गला दबाया और उसका सिर जमीन पर पटक दिया। पुलिस को मृतका के गले पर निशान और मुंह पर झाग मिले हैं, जबकि सिर पर भी मामूली चोट के निशान बताए गए हैं। घटना के समय राकेश के साले की शादीशुदा बेटी भी घर पर मौजूद थी। मुस्कान के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक मुस्कान की मौत हो चुकी थी। कुछ देर बाद मुस्कान की मां कविता भी घर पहुंची और बेटी को अचेत अवस्था में देखकर रोने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने राकेश को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस के मुताबिक पूछताछ में राकेश अब भी हत्या की बात स्वीकार नहीं कर रहा है। उसका दावा है कि मुस्कान फंदे पर लटकी हुई थी और उसने उसे नीचे उतारा था। दूसरी ओर, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का पाया गया है। इसी वजह से आरोपी से गहन पूछताछ और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सदर थाना पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर राकेश नाथ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार राकेश शराब पीने का आदी बताया जा रहा है और उसका पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था। परिवार के मुताबिक मुस्कान अपनी मां के पक्ष में रहती थी और घर का काफी काम भी संभालती थी। पुलिस इसी पारिवारिक विवाद को वारदात के संभावित कारणों में से एक मानकर जांच कर रही है। घटना वाले दिन कविता अपनी छोटी बेटी को दवा दिलाने सिरसा गई थी और घर पर मुस्कान तथा छोटी बेटी की देखभाल के लिए अपने भाई की बेटी को छोड़कर गई थी। पुलिस अब आरोपी के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल आरोपी द्वारा हत्या से इनकार किए जाने के कारण पुलिस के सामने यह चुनौती है कि घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति को साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!