
सिरसा। सिरसा शहर की गुरु नानक नगरी में शनिवार रात दो सगे भाइयों के बीच हुए झगड़े में एक भाई की मौत हो गई। आरोप है कि दोनों भाई शराब के नशे में थे। विवाद के दौरान बड़े भाई के धक्का देने से छोटे भाई का सिर दीवार से जा टकराया। गंभीर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान हरगोबिंद उर्फ मंटिया (38) पुत्र इंद्रजीत के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
धक्का लगने से दीवार से टकराया सिर
जानकारी के अनुसार, घटना गुरु नानक नगरी, वार्ड नंबर 27 की है। शनिवार रात दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों शराब का सेवन किए हुए थे।
इसी दौरान आरोप है कि बड़े भाई हरदीप सिंह उर्फ राजू ने अपने छोटे भाई हरगोबिंद को धक्का दे दिया। धक्का लगने से हरगोबिंद का सिर दीवार से टकरा गया और उसे गंभीर चोट लग गई। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के बयान पर हत्या का केस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर हरदीप सिंह उर्फ राजू के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और घटना के समय वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।



