सीएमसी में मेडिकल संगोष्ठी, शोध और कौशल विकास पर रहा फोकस
क्रिसमेड वार्षिक अनुसंधान एवं शिक्षा संगोष्ठी में 400 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, चिकित्सा शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर हुआ मंथन

लुधियाना | सीएमसी लुधियाना स्टूडेंट रिसर्च क्लब (सीएसआरसी) की ओर से आयोजित 7वीं क्रिसमेड वार्षिक अनुसंधान एवं शिक्षा संगोष्ठी अस्पताल सभागार में संपन्न हुई। तीन दिवसीय इस चिकित्सा संगोष्ठी में पंजाब भर से 400 स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र, संकाय सदस्य तथा चिकित्सा पेशेवर शामिल हुए।
संगोष्ठी के दौरान मुख्य व्याख्यान, विषय आधारित सत्र और प्रतिस्पर्धी अनुसंधान प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने केस रिपोर्ट, शोध लेख और नैदानिक साक्ष्य-आधारित शिक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में शोध, चिकित्सा शिक्षा और व्यावहारिक कौशल विकास को विशेष महत्व दिया गया।
संगोष्ठी के तहत वायुमार्ग प्रबंधन, शल्य चिकित्सा कौशल, नेफ्रोलॉजी, नेत्र विज्ञान, न्यूरोलॉजी, आपातकालीन प्रबंधन, ऑर्थोपेडिक्स और बाल चिकित्सा ऑन्कोलॉजी जैसे विषयों पर व्यावहारिक मास्टर क्लास आयोजित की गईं। इन सत्रों ने छात्रों को चिकित्सा क्षेत्र में व्यवहारिक अनुभव और तकनीकी कौशल सीखने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ईएसआई अस्पताल लुधियाना के डीन डॉ. इंदर पवार रहे, जबकि अरुणाचल प्रदेश के मकुंडा मिशन अस्पताल के शिक्षाविद एवं सर्जन डॉ. विजय आनंद ने अतिथि वक्ता के रूप में अपने विचार साझा किए। डॉ. नवीन कक्कड़ ने हेमेटोलॉजी प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रतिभागियों को अंतर्विषयक शिक्षण और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन का संचालन प्रिंसिपल डॉ. जयराज डी. पांडियन के नेतृत्व में किया गया। डॉ. अभिलाषा विलियम्स ने वैज्ञानिक समिति की अध्यक्ष, डॉ. रूबी सिंह ने आयोजन सचिव और डॉ. करण प्रमोद ने संयुक्त आयोजन सचिव के रूप में जिम्मेदारी निभाई। सीएसआरसी समूह के छात्र समन्वयकों वंशिका, इमैनुअल, एविटा, वल्लिका, एबेल, शेरिल, जोशुआ और डैनिय ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan




