हिसार में होटल में लगी आग, जान बचाने के लिए युवती ने दूसरी मंजिल से लगाई छलांग
रेड स्क्वेयर मार्केट के होटल डिजायर में लगी भीषण आग

हरियाणा के Hisar में बुधवार शाम रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित Hotel Desire में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल में लगे कई एसी फट गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई। होटल स्टाफ ने भागकर अपनी जान बचाई, जबकि पार्किंग में खड़े कई वाहन भी आग की चपेट में आ गए।
आग से घबराकर दूसरी मंजिल से कूदी युवती
होटल के पीछे बनी कमर्शियल बिल्डिंग में स्थित बैंक ऑफिस में काम कर रही एक युवती आग की लपटों में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीढ़ियों तक आग पहुंच चुकी थी और बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया था। जान बचाने के लिए युवती ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
लोगों ने कंबल फैलाकर बचाई जान
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नीचे खड़े लोग युवती को बचाने के लिए कंबल फैलाते नजर आ रहे हैं। हालांकि छलांग लगाते समय कंबल लोगों के हाथ से छूट गया, लेकिन युवती की जान बच गई। गिरने से उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
महिला के सिर पर गिरी ईंट
रेस्क्यू के दौरान एक अन्य महिला के सिर पर ईंट गिर गई, जिससे वह घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कैसे हुआ रेस्क्यू
प्रत्यक्षदर्शी Deepak Chopra ने बताया कि आग लगने के बाद युवती को फोन किया गया, लेकिन वह काफी घबराई हुई थी। जब यह पता चला कि सीढ़ियों तक आग पहुंच चुकी है, तब पास के होटल से कंबल लाकर नीचे फैलाए गए और युवती को कूदने के लिए कहा गया। इसी दौरान उसका रेस्क्यू किया गया।




