Haryana में फिर बढ़ेगी गर्मी, 4 दिन में 6°C तक चढ़ सकता है पारा
हरियाणा में मौसम एक बार फिर गर्म होने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई

हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से लगभग 4.7 डिग्री नीचे बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान Sirsa में 39.6°C रिकॉर्ड किया गया।
अगले तीन दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। तेज धूप और साफ आसमान के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। अनुमान है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
11 मई से बदल सकता है मौसम
11 से 14 मई के बीच हरियाणा के कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
ट्रफ रेखा और पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब-राजस्थान क्षेत्र पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं पाकिस्तान से उत्तर-पश्चिम बांग्लादेश तक बनी ट्रफ रेखा का असर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ रहा है।
इसके अलावा 10 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका प्रभाव हरियाणा के मौसम में भी देखने को मिल सकता है।
शनिवार को नहीं जारी हुई कोई चेतावनी
शनिवार के लिए मौसम विभाग ने किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।




