बीकानेर में घर में लगी भीषण आग, मधुमक्खी का छत्ता हटाने के दौरान हुआ हादसा
त्यागी वाटिका क्षेत्र में मचा हड़कंप, चार दमकलों ने पाया काबू

Bikaner के कोटगेट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग त्यागी वाटिका के पास स्थित एक घर में लगी, जहां पहले धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
मधुमक्खी का छत्ता हटाने के लिए किया था धुआं
जानकारी के अनुसार मकान संदीप भार्गव का है, जो स्पोर्ट्स सामान की दुकान चलाते हैं। घर में काफी मात्रा में कबाड़ रखा हुआ था, जिसमें मधुमक्खियों ने छत्ता बना लिया था। परिवार के लोगों ने छत्ता हटाने के लिए धुआं किया, लेकिन इसी दौरान निकली चिंगारी कबाड़ में फैल गई और आग लग गई।
आग की लपटों से इलाके में मची अफरा-तफरी
देखते ही देखते आग ने पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग बढ़ने पर परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
त्यागी वाटिका क्षेत्र के पास ही सीएमएचओ ऑफिस होने के कारण इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था।
समय रहते टला बड़ा हादसा
कोटगेट थाने के एएसआई विजय कुमार ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मधुमक्खी का छत्ता हटाने के प्रयास के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
#BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan #HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali




