हांसी नगर परिषद कार्यालय पर कर्मचारियों ने जड़ा ताला, मंत्री विपुल गोयल का पुतला फूंका
13 दिन से हड़ताल पर कर्मचारी; मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज, सरकार पर आश्वासन देकर गुमराह करने का आरोप

हांसी। नगर परिषद और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की 13 दिन से जारी हड़ताल मंगलवार को उग्र प्रदर्शन में बदल गई। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर परिषद कार्यालय पर ताला जड़ दिया। सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने मंत्री विपुल गोयल का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शन में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मचारी और महिला कर्मचारी भी शामिल हुईं।
शहर के बाजारों से निकाली पुतले की शव यात्रा
कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय से मंत्री विपुल गोयल के पुतले की शव यात्रा निकाली। यह यात्रा अंबेडकर चौक, पुराना बस स्टैंड और शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए बड़सी गेट पहुंची।
बड़सी गेट पर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसके बाद मंत्री का पुतला फूंका। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
कई दौर की बातचीत के बाद भी नहीं निकला समाधान
प्रदर्शनकारी फायर ब्रिगेड कर्मचारी विनोद कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है। उनका आरोप है कि हर बार केवल आश्वासन दिया गया, लेकिन अभी तक मांगों के संबंध में कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई।
विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार बातचीत के नाम पर कर्मचारियों को गुमराह कर रही है और उनके साथ विश्वासघात किया जा रहा है।
कम वेतन में परिवार चलाना मुश्किल
नगर परिषद सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान बलजीत सिंह ने कहा कि सफाई कर्मचारी पिछले 13 दिनों से हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि 13-14 हजार रुपये के वेतन में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल है।
उन्होंने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने सहित कर्मचारियों की अन्य मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
शहरवासियों से आंदोलन में सहयोग की अपील
बलजीत सिंह ने शहरवासियों से कर्मचारियों के आंदोलन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को साफ रखने और लोगों को बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कर्मचारियों ने सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने और हड़ताल खत्म कराने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।




