Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwali

नशा तस्करों पर प्रहार के साथ पीड़ितों को नई जिंदगी देने में जुटी डबवाली पुलिस

15 गांवों और 3 वार्डों में डोर-टू-डोर अभियान, 30 नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ा; 28 नशा मुक्ति कमेटियां बनीं बदलाव की मजबूत कड़ी

डबवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित न रखते हुए नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और सामान्य जीवन की ओर लौटाने पर भी जोर दिया है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के नेतृत्व में चलाए जा रहे बहुआयामी अभियान के तहत बीते एक सप्ताह में नशा मुक्ति टीम ने 15 गांवों और 3 वार्डों में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर 30 नशा पीड़ितों की पहचान की और उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करते हुए चिकित्सकों के माध्यम से परामर्श एवं उपचार से जोड़ा। पुलिस टीमों द्वारा उपचाराधीन लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखते हुए उनके स्वास्थ्य में सुधार का फीडबैक भी लिया जा रहा है तथा परिजनों को भी उपचार प्रक्रिया में सहयोग करने और पीड़ितों का मनोबल बढ़ाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में डबवाली पुलिस, ग्राम पंचायत और नागरिक अस्पताल के सहयोग से गांव गंगा में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, जहां 40 नशा पीड़ितों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। नशे के खिलाफ जमीनी स्तर पर अभियान को मजबूत बनाने के लिए गांवों और वार्डों में गठित 28 नशा मुक्ति कमेटियां भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कमेटियों के सदस्य नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ नशा पीड़ितों को उपचार के लिए प्रेरित कर रहे हैं और युवाओं को खेल, शिक्षा तथा सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। थाना सदर डबवाली क्षेत्र की विभिन्न कमेटियों ने 20 नशा पीड़ितों को उपचार प्रक्रिया से जोड़ा है, जबकि थाना औढ़ा क्षेत्र में 55 लोगों को उपचार से जोड़ने और 19 नशा पीड़ितों को नशा छोड़ने में सफलता मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है। थाना कालांवाली क्षेत्र में भी 18 नशा पीड़ितों का उपचार शुरू करवाया गया है और कमेटियों के प्रयास से एक व्यक्ति के पूरी तरह नशा छोड़ने की बात सामने आई है। शहर डबवाली क्षेत्र में भी नशा मुक्ति कमेटियां लगातार पीड़ितों की जानकारी जुटाने, फीडबैक लेने और उन्हें उपचार शिविरों तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। पुलिस द्वारा संध्या संवाद, जागरूकता रैलियों, स्कूलों, चौपालों और खेल मैदानों में कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशा पीड़ित को तिरस्कार नहीं बल्कि उपचार, परिवार का सहयोग और समाज का साथ चाहिए। डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को भी समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। डबवाली पुलिस का संदेश है कि नशा तस्करी पर प्रहार के साथ युवा पीढ़ी को नशे से बचाना और नशा पीड़ितों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाना सामूहिक जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!