Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwali

रक्तदान से समाजसेवा तक, झूट्टी खेड़ा में पुलिस ने युवाओं को दिखाई सकारात्मक राह

पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला, शिविर में 50 यूनिट रक्त एकत्रित

डबवाली। थाना सदर क्षेत्र के गांव झूट्टी खेड़ा में ग्राम पंचायत के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने के साथ-साथ समाजसेवा की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं तथा यदि उनकी ऊर्जा को सही दिशा दी जाए तो वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास और समाजसेवा जैसे सकारात्मक कार्यों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस जहां एक ओर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार, परामर्श और पुनर्वास से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और उन्हें गलत संगति से दूर रखने की अपील की। साथ ही युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे और रक्तदान, खेल तथा समाजसेवा जैसी सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशा मुक्त, अपराध मुक्त एवं सुरक्षित डबवाली के निर्माण को मजबूती मिल सकती है। शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की तथा आयोजनकर्ताओं द्वारा किए गए सामाजिक कार्य की प्रशंसा की। शिविर में कुल 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम में गांव झूट्टी खेड़ा के सरपंच देवीलाल, रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा के प्रतिनिधि, चिकित्सक, अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसका तिरस्कार करने के बजाय उसे उपचार एवं सही मार्गदर्शन के लिए प्रेरित करें। वहीं यदि कहीं नशा तस्करी या मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 या नजदीकी पुलिस थाना अथवा चौकी में दी जा सकती है। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!