मानसा DC कार्यालय के बाहर किसानों का हल्ला बोल, अनिश्चितकालीन धरना जारी
भारत-अमेरिका ट्रेड डील और पंजाब की लैंड पूलिंग नीति का विरोध; 13 मांगों को लेकर केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ किसानों ने की नारेबाजी

मानसा में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) की ओर से शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी रहा। किसानों ने केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी 13 प्रमुख मांगों को लेकर विरोध जताया। किसान नेताओं ने केंद्र सरकार की प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील का भी विरोध किया और दावा किया कि इससे देश के किसानों, व्यापारियों और मजदूरों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसके अलावा पंजाब सरकार की ओर से किसानों की जमीनों की मैपिंग और लैंड पूलिंग नीति लाने का भी विरोध किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला प्रधान राम सिंह भैणी बागा, महिंदर सिंह रोमाणा, कुलदीप सिंह कोर वाला, जगसीत सिंह जवाहरके और मेजर सिंह गोबिंदपुरा सहित किसान नेताओं ने किया। किसान नेताओं का कहना है कि देश के किसान और मजदूर लंबे समय से कर्ज के बोझ से दबे हुए हैं, इसलिए किसानों और मजदूरों का पूरा कर्ज माफ किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े घरानों के कर्ज माफ किए जा रहे हैं, जबकि छोटे किसानों और मजदूरों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। किसान संगठनों ने स्पष्ट किया कि पंजाब के सभी जिला मुख्यालयों पर चल रहे इन धरनों का उद्देश्य केंद्र और पंजाब सरकार के सामने किसानों की 13 मांगें रखना है और जब तक सरकार इन मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं देती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।




