खजराना गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं का 20 करोड़ रुपए का बीमा: पहली बार इतनी बड़ी बीमा राशि, CCTV और अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात
गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर समिति का बड़ा फैसला, पहले 2 करोड़ का था बीमा कवर

इंदौर। गणेशोत्सव के 10 दिवसीय आयोजन के दौरान खजराना गणेश मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति ने बड़ा कदम उठाया है। समिति ने इस बार पहली बार 20 करोड़ रुपए की पब्लिक लायबिलिटी इंश्योरेंस पॉलिसी कराई है। बड़ी संख्या में भक्तों के मंदिर पहुंचने को देखते हुए इसे सुरक्षा व्यवस्था के अतिरिक्त कवच के रूप में लिया गया है।
पॉलिसी के तहत गणेशोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को तय नियम और शर्तों के अनुसार बीमा सुरक्षा मिलेगी। किसी दुर्घटना, अप्रिय घटना या जनहानि की स्थिति में पॉलिसी के प्रावधानों के मुताबिक बीमा कंपनी की ओर से क्लेम का भुगतान किया जा सकेगा।
कलेक्टर बोले- भगवान से प्रार्थना है कि बीमा की जरूरत न पड़े
मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं का बीमा कराया गया है, जिसकी क्लेम राशि 20 करोड़ रुपए है।
उन्होंने कहा कि भगवान गणेश से यही प्रार्थना है कि ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो, जिसमें बीमा का इस्तेमाल करना पड़े। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
पहले करीब 2 करोड़ रुपए का था बीमा
खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बीमा की व्यवस्था की गई है। मंदिर में पहले भी इंश्योरेंस कराया जाता था, लेकिन इसकी राशि करीब 2 करोड़ रुपए थी।
इस वर्ष पहली बार बीमा कवर को बढ़ाकर 20 करोड़ रुपए किया गया है। पुजारी ने भी कामना की कि भगवान गणपति की कृपा से बीमा सुविधा का उपयोग करने जैसी कोई स्थिति न आए।
गणेशोत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचते हैं श्रद्धालु
गणेशोत्सव के दौरान खजराना गणेश मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। खासतौर पर उत्सव के दिनों में भीड़ बढ़ने के कारण मंदिर समिति की ओर से दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
CCTV से निगरानी, पुलिस और सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ी
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के तहत CCTV कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा पुलिस बल और सुरक्षा गार्डों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
मंदिर समिति के अनुसार, इस बार प्राथमिकता केवल श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि भीड़ प्रबंधन, निगरानी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।




