जयपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने चार दोस्तों को कुचला, दो की मौत, दो गंभीर घायल
एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे चारों युवक; हादसे में मृतकों के पैर कटकर ट्रक के अगले हिस्से में लटके मिले, चालक मौके से फरार

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दौलतपुरा सर्विस रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने एक ही बाइक पर सवार चार दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों मृतकों के एक-एक पैर घुटने के नीचे से कट गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
दौलतपुरा थाना पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
बहन के घर से लौट रहे थे चारों दोस्त
थानाधिकारी महावीर यादव के अनुसार, हादसे में अनिकेत (18) पुत्र रामकिशोर और प्रवीण (18) पुत्र प्रकाश की मौत हो गई। वहीं, विकास पुत्र जितेंद्र और शिवम पुत्र बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का एसएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, चारों दोस्त रविवार रात दौलतपुरा रिंग रोड के पास अनिकेत की बहन के घर गए थे। सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे चारों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दौलतपुरा सर्विस रोड पर खेड़वाड़ी पुलिया के नीचे खेड़वाड़ी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
ट्रक के अगले हिस्से में लटके मिले कटे हुए पैर
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अनिकेत और प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास और शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को ट्रक के अगले हिस्से में दोनों मृतकों के कटे हुए पैर लटके मिले। पुलिस ने टोल एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
लोहा मंडी की फैक्ट्री में काम करते थे चारों दोस्त
पुलिस के अनुसार, चारों युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले थे। वे अपने परिवारों के साथ जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र के माचड़ा में रहते थे और लोहा मंडी स्थित एक रबर रिंग फैक्ट्री में काम करते थे।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




