बरसात से पहले घग्गर नदी ने बढ़ाई चिंता, प्रशासन अलर्ट
एडीसी ने ओटू वियर और तटबंधों का किया निरीक्षण

सिरसा में बरसाती सीजन शुरू होने से पहले ही घग्गर नदी प्रशासन के लिए चिंता का कारण बन गई है। पिछले वर्ष घग्गर नदी में आए पानी से हजारों एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई थी, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कई किसानों को अब तक मुआवजा भी नहीं मिल पाया है।
आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए एडीसी अर्पित संगल ने शुक्रवार को ओटू वियर, हिसार घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन क्षेत्र और गांव तलवाड़ा के पास घग्गर नदी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों से मांगी तैयारियों की रिपोर्ट
निरीक्षण के दौरान एडीसी ने संबंधित अधिकारियों से जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान, मशीनरी की उपलब्धता, तटबंधों की मजबूती और जल निकासी व्यवस्था को लेकर जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां कटाव की संभावना अधिक है वहां समय रहते मिट्टी डालकर तटबंध मजबूत किए जाएं। साथ ही पुलों और ड्रेनों की सफाई बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि पानी के बहाव में कोई बाधा न आए।
राहत और बचाव कार्यों की तैयारी पूरी करने के निर्देश
एडीसी अर्पित संगल ने कहा कि बारिश के दौरान ऊपरी क्षेत्रों से अधिक पानी आने की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों की पूरी तैयारी रखी जाए। सभी तटबंधों, ड्रेनों और जल निकासी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर तटबंध कमजोर हैं, वहां समय रहते मरम्मत और मजबूतीकरण का कार्य पूरा किया जाए।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान घग्गर डिवीजन के कार्यकारी अभियंता संदीप शर्मा, एसडीओ रघुबीर शर्मा और पंचायती राज विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
#Sirsa #GhaggarRiver #FloodAlert #Haryana #RainySeason #Administration #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan #HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali




