फरीदाबाद में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर वर्करों का प्रदर्शन
कामकाज बंद कर कंपनी गेट के बाहर जुटे कर्मचारी

फरीदाबाद के सेक्टर-6 और सराय फाटक इलाके में एक निजी कंपनी के कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। नाराज वर्करों ने काम बंद कर कंपनी गेट के बाहर विरोध जताया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
सरकार की घोषणा के बावजूद पुरानी सैलरी मिलने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन बढ़ाने की घोषणा के बावजूद उन्हें अब भी पुराने वेतनमान के अनुसार भुगतान किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि कई वर्षों से काम करने के बाद भी उनकी सैलरी में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई।
“10,500 रुपए में घर चलाना मुश्किल”
महिला कर्मचारी लता ने बताया कि उन्हें हर महीने करीब 10,500 रुपए वेतन मिलता है। कर्मचारियों के अनुसार वे ठेकेदार के माध्यम से काम करते हैं और जब भी सैलरी बढ़ाने की बात की जाती है तो ठेकेदार कंपनी का हवाला देकर मामला टाल देता है।
ओवरटाइम के बाद भी नहीं हो रहा गुजारा
वर्करों ने कहा कि ओवरटाइम करने के बाद भी उनकी कुल आय 14 से 15 हजार रुपए तक ही पहुंच पाती है। बढ़ती महंगाई में बच्चों की पढ़ाई, किराया और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है।
कई बार मिला आश्वासन, लेकिन नहीं बढ़ा वेतन
कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन की ओर से कई बार वेतन बढ़ाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन हर बार महीने के अंत तक मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है और पुरानी सैलरी ही दी जाती है।
कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने की मांग उठाई
वर्करों ने एकजुट होकर कंपनी प्रबंधन से जल्द वेतन बढ़ाने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।




