जयपुर में 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, कंबल में बंधा मिला शव; बदबू से खुला मामला
सांगानेर सदर के गोविंदपुरा में कंबल में बंधा मिला शव; एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस को दो दिन पहले हत्या किए जाने की आशंका

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक बुजुर्ग की हत्या कर शव ठिकाने लगाने का मामला सामने आया है। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा में गुरुवार सुबह कंबल में बंधा एक बुजुर्ग का शव मिला। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
एसीपी चाकसू भवानी सिंह के अनुसार मृतक की पहचान जगदीश (75) निवासी टोडारायसिंह के रूप में हुई है। वह सांगानेर सदर के गोविंदपुरा में अपनी पत्नी और बेटे के साथ रहता था।
कंबल में बांधकर फेंका शव
पुलिस को गुरुवार सुबह करीब 7 बजे कंबल में बंधे शव की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग की हत्या करने के बाद शव को कंबल में बांधकर वहां फेंका गया था।
पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
दो दिन पहले हत्या की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक जगदीश की हत्या करीब दो दिन पहले किए जाने की आशंका है। शव के डिकंपोज होने के कारण उससे बदबू आने लगी थी। इसी बदबू के चलते शव के वहां पड़े होने का पता चला।
परिजनों से भी पूछताछ
पुलिस ने मृतक की पहचान कर ली है और अब हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मृतक के परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाकर हत्या की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।




