जयपुर में तेज रफ्तार थार ने बुजुर्ग को कुचला, मौत: 50 मीटर तक सड़क पर घसीटा, खंभे से टकराकर रुकी गाड़ी
मालवीय नगर में सुबह हादसा; दवाई लेने अस्पताल जा रहे 62 वर्षीय छाजू सिंह को तेज रफ्तार एसयूवी ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम

जयपुर। मालवीय नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। तेज रफ्तार नीली थार ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह उछलकर सड़क पर जा गिरे और करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में उनकी पसलियों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां दोपहर करीब 2 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हादसे में शामिल थार को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
दवाई लेने अस्पताल जा रहे थे बुजुर्ग
मालवीय नगर थानाधिकारी गौरव प्रधान के अनुसार मृतक की पहचान छाजू सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से प्रेमपुरा, दौसा के रहने वाले थे और वर्तमान में झालाना डूंगरी क्षेत्र में रहते थे। वह एक हॉस्टल में गार्ड के तौर पर काम करते थे।
पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। शुक्रवार सुबह वह स्कूटी से दवाई लेने जयपुरिया अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान सरस पुलिया के पास यह हादसा हो गया।
टक्कर के बाद थार खंभे से टकराई
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार एसयूवी ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छाजू सिंह सड़क पर गिर गए और काफी दूर तक घिसटते चले गए।
वहीं, थार भी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूट गया और वाहन कुछ दूरी तक आगे चला गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
हादसे की सूचना मिलते ही मालवीय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल छाजू सिंह को तत्काल एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थार जब्त, ड्राइवर की तलाश
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




