Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
राजस्थान

बोलेरो कैंपर में पीछे खड़े 3 युवकों के सिर बैरियर से टकराए, 2 की मौत

डीडवाना-कुचामन में मंगलाना ROB के लोहे के बैरियर से हुआ हादसा; 18 और 21 साल के दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर हालत में अजमेर रेफर

डीडवाना-कुचामन। जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो कैंपर में पीछे खड़े तीन युवक रेलवे ओवरब्रिज (ROB) से पहले लगाए गए लोहे के बैरियर से टकरा गए। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर किया गया है। हादसा मकराना-मंगलाना रोड पर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, जर्जर रेलवे ओवरब्रिज से बड़े वाहनों को निकलने से रोकने के लिए ROB के दोनों ओर लोहे के बैरियर लगाए गए हैं। मौलासर के बेड़वा गांव से बोलेरो कैंपर में 8 लोग सवार होकर पुष्कर जा रहे थे। इनमें चार महिलाएं और चार पुरुष शामिल थे। कैंपर में सवार तीन युवक पीछे की तरफ खड़े थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों युवकों का ध्यान दूसरी ओर था और इसी दौरान कैंपर मंगलाना ROB के पास लगे लोहे के बैरियर से गुजरते समय उनके सिर उससे जा टकराए। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहने लगा। हादसे के बाद कैंपर के अंदर खून फैल गया। चालक तीनों घायल युवकों को तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद विकास (18) पुत्र बालाराम और दुर्गराम (21) पुत्र नारायणराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं जयसिंह (21) पुत्र सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल है और उसे बेहतर उपचार के लिए अजमेर रेफर किया गया है। परबतसर थाने के SI वीरेंद्र सिंह के अनुसार हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। दोनों मृतकों के शव राजकीय उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज गति और वाहन के पीछे खड़े युवकों के बैरियर की चपेट में आने की बात सामने आई है। हादसे ने एक बार फिर बड़े वाहनों के लिए लगाए गए बैरियर और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!