स्वतंत्रता दिवस पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचा हेड मास्टर, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
बाड़मेर के अंबाबाड़ी गांव में हेड मास्टर के नशे में पहुंचने का आरोप; गिरने से हाथ-मुंह पर चोट, ग्रामीणों की शिकायत पर शिक्षा विभाग ने जांच शुरू की

बाड़मेर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बाड़मेर जिले के अंबाबाड़ी गांव स्थित सरकारी स्कूल में हेड मास्टर के कथित तौर पर शराब के नशे में पहुंचने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार राजकीय प्राथमिक विद्यालय अंबाबाड़ी के हेड मास्टर भरतसिंह शनिवार सुबह स्कूल पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि वह शराब के नशे में थे। स्कूल के अंदर जाते समय वह नीचे गिर गए, जिससे उनके हाथ और मुंह पर चोट लग गई। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए स्कूल पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें उठाया और स्कूल परिसर में एक तरफ गद्दा बिछाकर बैठाया। हेड मास्टर के कथित नशे की हालत में होने के कारण स्कूल में ध्वजारोहण अन्य शिक्षक ने किया। इस दौरान ग्रामीणों ने हेड मास्टर के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई और उनका वीडियो भी बनाया। ग्रामीणों ने उनसे कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण दिन पर इस स्थिति में स्कूल नहीं आना चाहिए था और यदि वह स्कूल की जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा सकते तो पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि हेड मास्टर नियमित रूप से स्कूल नहीं आते और जब आते हैं तो शराब के नशे में होने की शिकायत रहती है। मामले की शिकायत ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से की है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कौशल्या गौरेया ने बताया कि संबंधित वीडियो उनके संज्ञान में आया है और फिलहाल मामले की जांच करवाई जा रही है। जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के सामने शिक्षक की ऐसी स्थिति चिंता का विषय है और शिक्षा विभाग को मामले में उचित कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं मामले में स्कूल स्टाफ के एक शिक्षक से संपर्क करने पर उन्होंने व्यस्त होने की बात कहते हुए बाद में बात करने को कहा और फोन काट दिया। जिला शिक्षा अधिकारी और अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हेड मास्टर के खिलाफ लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।




