Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwali

डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से चंद मिनटों में बरामद हुआ चोरी हुआ मोटरसाइकिल

डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से चंद मिनटों में बरामद हुआ चोरी हुआ मोटरसाइकिल

डबवाली, 11 सितंबर। थाना कालांवाली क्षेत्र में डायल 112 टीम की त्वरित कार्रवाई से चोरी हुआ मोटरसाइकिल चंद मिनटों में बरामद कर लिया गया। पुलिस की तत्परता से महिला को उसका वाहन सुरक्षित वापस मिल गया। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस ने डायल 112 टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।

पुलिस के अनुसार, मंडी कालांवाली के दादू रोड पर एक महिला किसी परिचित के घर गई थी। उसने अपना प्लेटिना मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ा किया था। कुछ समय बाद जब वह बाहर आई तो मोटरसाइकिल वहां नहीं मिला। मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना मिलते ही डायल 112 टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

चंद मिनटों में मिला मोटरसाइकिल

पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि बीती रात डायल 112 टीम प्रभारी एएसआई अशोक, सिपाही विपिन और एसपीओ कुलदीप सिंह मंडी कालांवाली क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थे। सूचना मिलते ही टीम ने आसपास के क्षेत्र में मोटरसाइकिल की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते मोटरसाइकिल महाजन धर्मशाला के पास लावारिस अवस्था में बरामद हो गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद वाहन को उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित सौंप दिया गया। मोटरसाइकिल वापस मिलने पर महिला ने डबवाली पुलिस का आभार जताया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान के लिए पुलिस का खुफिया तंत्र भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में लगातार प्रयास कर रही है।

आमजन की सुरक्षा और सेवा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी: एसपी

पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर ने डायल 112 टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध होने के बाद कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है। अपराध की रोकथाम, आमजन की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए डायल 112 टीम द्वारा कार्रवाई करना पुलिस की सतर्कता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है। त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई प्रभावी पुलिसिंग की पहचान है।

एसपी ने कहा कि आपात स्थिति में नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध करवाने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है। खोई या चोरी हुई संपत्ति को तलाश कर उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाना, रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता और संकट के समय सहयोग जैसे जनहितैषी कार्य पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास को मजबूत करते हैं।

सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित

जसलीन कौर ने कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और इसे बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। ड्यूटी के दौरान सराहनीय एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में डायल 112 टीम को भी उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। इससे पुलिस कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और अन्य कर्मचारियों को भी पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने की प्रेरणा मिलेगी।

डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना/चौकी में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, संपत्ति की रक्षा और सेवा के लिए डबवाली पुलिस सदैव तत्पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!