डबवाली पुलिस का नशे के नेक्सस पर बड़ा एक्शन, 4 तस्कर गिरफ्तार
24 घंटे में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी; 1 किलो 420 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद, फरार सप्लायर भी दबोचे

डबवाली, 11 सितंबर। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर आईपीएस के नेतृत्व में डबवाली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए बीते 24 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 420 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नशा तस्करी के विभिन्न मामलों में फरार चल रहे सप्लायर भी शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि थाना सदर डबवाली प्रभारी निरीक्षक दलीप कुमार की टीम ने गश्त के दौरान गांव फूल्लो से एक व्यक्ति को प्लास्टिक के कट्टे सहित काबू किया। संदेह के आधार पर नियमानुसार तलाशी लेने पर कट्टे से 1 किलो 420 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी की पहचान धन सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नशीली गोलियों के मामले में मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
चौकी चौटाला प्रभारी पीएसआई सतपाल सिंह की टीम ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों की तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर दीपक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को गांव अबूबशहर से आरोपी विशाल कुमार को 20 प्रतिबंधित नशीली गोलियों और नशे में प्रयुक्त होने वाले 90 कैप्सूल के साथ पकड़ा गया था। थाना सदर डबवाली में मामला दर्ज करने के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने नेटवर्क की कड़ी जोड़ते हुए वांछित मुख्य सप्लायर दीपक को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हेरोइन मामले में फरार मुख्य तस्कर भी काबू
थाना औढ़ा प्रभारी उप निरीक्षक विजय सिंह की टीम ने हेरोइन तस्करी के मामले में फरार चल रहे संदीप सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने 9 सितंबर 2026 को गांव बनवाला से मोटरसाइकिल सवार आरोपी पवन को 6.200 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान पुलिस को हेरोइन उपलब्ध करवाने वाले आरोपी संदीप सिंह के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
कालुआना हेरोइन मामले का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
चौकी गोरीवाला प्रभारी एएसआई जगपाल सिंह की टीम ने हेरोइन तस्करी के एक अन्य मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर जनाब अली को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को एएनसी स्टाफ डबवाली ने गांव कालुआना में गश्त के दौरान मोटरसाइकिल सवार पवन कुमार और जगदीश कुमार को 6.460 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों के खिलाफ थाना सदर डबवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और फरार चल रहे मुख्य सप्लायर जनाब अली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी
डबवाली पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों, सप्लायरों और नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की लगातार दबिशों से नशा कारोबारियों में हड़कंप है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी नशा तस्करी से संबंधित जानकारी साझा करने की अपील की है।
नशा तस्करी से संबंधित सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना या चौकी में दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



