Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
jaipur

जयपुर में 41.70 लाख की ATM कैश लूट का खुलासा, युवती गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक युवती ने बॉयफ्रेंड और साथियों के साथ मिलकर की रेकी; किराए के कमरे से 26.80 लाख रुपए बरामद, तीन आरोपी अब भी फरार

जयपुर। जयपुर में ATM में कैश जमा करने पहुंचे बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी और बैंक कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रखी थी।

डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशु कुमारी जाटव (22) के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर बजरंग दीप प्रथम, श्रीकृष्णपुरा, रामनगरिया स्थित किराए के कमरे से 26.80 लाख रुपए बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल अंशु का बॉयफ्रेंड मस्तराम मीणा और उसके दो साथी पुष्पेंद्र मीणा उर्फ पुस्सी तथा सुमित जांगम फिलहाल फरार हैं।

ATM के पास बैंक कर्मचारियों से लूटा था कैश

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे बैंक कर्मचारी अक्षयपात्र के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM में कैश डालने पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार दिखाकर कैश से भरा बैग छीन लिया।

बताया गया कि एक अन्य व्यक्ति कार लेकर कुछ दूरी पर मौजूद था। लूट के बाद बाइक से पहुंचे बदमाशों ने कैश को कार में शिफ्ट कर दिया, ताकि पुलिस की नाकाबंदी से बचकर निकल सकें।

युवती ने की थी ATM की रेकी

जांच के दौरान पुलिस को ATM के आसपास एक युवती की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और पूछताछ के बाद मामले की कड़ियां जुड़ती गईं।

पुलिस के मुताबिक युवती के बॉयफ्रेंड मस्तराम ने उसे ATM और वहां कैश पहुंचने की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद युवती ने मौके की रेकी की।

वारदात के समय साथियों को दी सूचना

पुलिस का दावा है कि 14 सितंबर को जब बैंक कर्मचारी कैश लेकर ATM पहुंचे, तब युवती ने अपने साथियों को इसकी सूचना दी और वहां से चली गई। इसके बाद बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को हथियार दिखाकर कैश लूट लिया।

पुलिस के अनुसार लूट के बाद रकम को दो हिस्सों में बांटा गया। इनमें से एक हिस्सा युवती के किराए के कमरे में सूटकेस में छिपाया गया था। आरोपियों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए कपड़े भी बदले।

कमरे से बरामद हुए 26.80 लाख रुपए

DST टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर युवती के किराए के मकान पर पहुंचकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान युवती से मिली जानकारी के आधार पर कमरे की तलाशी ली गई, जहां सूटकेस से 26.80 लाख रुपए बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार अंशु कुमारी एक निजी कंपनी में काम करती है।

बैंक कर्मचारी की भूमिका की भी जांच

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बीच एक बैंक कर्मचारी का नाम लिए जाने की जानकारी मिली है। इसके बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या किसी बैंक कर्मचारी ने आरोपियों को ATM में कैश पहुंचने के समय या बैंक कर्मचारियों की गतिविधियों से संबंधित जानकारी दी थी।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ लूट की पूरी रकम और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!