Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
sirsa

मुख्यमंत्री नायब सैनी आज सिरसा में, 15 शिकायतों पर होगी सुनवाई

बरनाला रोड स्थित पंचायत भवन में होगी कष्ट निवारण समिति की बैठक, अधिकारियों को रिकॉर्ड सहित पहुंचने के निर्देश

सिरसा, 12 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज शनिवार को सिरसा दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री बरनाला रोड स्थित पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में आमजन से जुड़ी कुल 15 शिकायतों पर सुनवाई होगी। इनमें एक लंबित और 14 नई शिकायतें शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल और शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री के हवाई मार्ग से सिरसा पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के तहत रूट चार्ट भी तैयार किया गया है।

सुबह 9:30 बजे अधिकारियों को पहुंचने के निर्देश

जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपनी-अपनी शिकायतों से संबंधित पूरा रिकॉर्ड और आवश्यक दस्तावेज लेकर सुबह 9:30 बजे बैठक स्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ताओं को भी बैठक में उपस्थित रहने के लिए बुलाया गया है।

प्रशासन की ओर से शिकायतों के समाधान से संबंधित तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। कुछ शिकायतों को लेकर बैठक से पहले ही संबंधित पक्षों के बीच सहमति बनने की बात सामने आई है।

सुरक्षा में करीब 650 पुलिसकर्मी तैनात

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल के अलावा शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार करीब 650 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले शहर में सफाई अभियान

मुख्यमंत्री के सिरसा दौरे को लेकर शहर में सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार शहर में सड़क, पेयजल और सीवरेज से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। ऐसे में कष्ट निवारण समिति की बैठक में निर्धारित 15 शिकायतों के साथ-साथ आमजन के स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

धारा 163 लागू, ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिलाधीश शांतनु शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं। इसके तहत नगर परिषद क्षेत्र सिरसा के पांच किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल विमान, फ्लाइंग कैमरा, हेलीकैम और अन्य यूएवी उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

इसके अलावा वीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल तथा अन्य संबंधित क्षेत्रों के दोनों ओर 75 मीटर के दायरे में वाहनों की पार्किंग पर भी रोक रहेगी। यह आदेश पुलिस और ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा।

प्रशासन ने आमजन से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में नियमों का पालन करने की अपील की है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!