Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
sirsa

सिरसा कांग्रेस की गुटबाजी पर हाईकमान की नजर, CWC मेंबर यशोमति ठाकुर ने की समीक्षा; आज सिरसा विधानसभा के नेताओं से बैठक

चार विधानसभा क्षेत्रों में नेताओं-कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक, वरिष्ठ नेताओं से वन-टू-वन बातचीत; समीक्षा रिपोर्ट AICC को भेजी जाएगी, जिलाध्यक्ष बदलने की चर्चाएं तेज

सिरसा। कांग्रेस संगठन में चल रही गुटबाजी और आगामी संगठनात्मक बदलावों को लेकर पार्टी हाईकमान की नजर अब सिरसा पर है। कांग्रेस की CWC सदस्य एवं पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर ने जिले की चार विधानसभा सीटों में नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया है। शुक्रवार को सिरसा विधानसभा क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद कमेटी अपनी समीक्षा रिपोर्ट ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेजेगी।

यशोमति ठाकुर ने सिरसा में मीडिया से बातचीत में कहा कि जिले की चार विधानसभा सीटों में कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक हो चुकी है। अब सिरसा विधानसभा क्षेत्र की बैठक बाकी है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग वन-टू-वन बातचीत भी की गई है। सभी पक्षों की बात सुनने के बाद पूरी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी।

संगठन को मजबूत करने पर फोकस

यशोमति ठाकुर ने कहा कि कमेटी का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि संगठन में किन क्षेत्रों में मजबूती की जरूरत है और किन चुनौतियों को दूर किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सिरसा में विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा है। वहीं दो विधानसभा क्षेत्रों में हार का अंतर काफी कम रहा था। ऐसे में पार्टी संगठन को और मजबूत करने पर चर्चा की जा रही है।

जिलाध्यक्ष बदलने की चर्चाएं तेज

ऑब्जर्वर कमेटी के सिरसा दौरे के बाद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पद में बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से संगठन में प्रतिनिधित्व को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं की मांगें भी सामने आई हैं।

कालांवाली क्षेत्र में पहले ही कांग्रेस नेताओं की ओर से सिख समाज को संगठन में प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई जा चुकी है। अब रानियां विधानसभा क्षेत्र से भी जिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर सिख समाज से प्रतिनिधि बनाए जाने की मांग सामने आई है।

सिख प्रतिनिधित्व पर यशोमति ठाकुर ने कहा—जो सुना, पार्टी को बताऊंगी

सिख समाज को संगठन में प्रतिनिधित्व दिए जाने के सवाल पर यशोमति ठाकुर ने कहा कि सभी वर्गों और प्रतिनिधियों को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो देखा और सुना है, उसकी जानकारी पार्टी को दी जाएगी। अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान का होगा।

उन्होंने कहा कि चुनाव में कम अंतर से हार के बाद कई नेताओं ने अपने नाम और सुझाव सामने रखे हैं। पार्टी इन सभी बातों पर विचार करेगी।

नेताओं से वन-टू-वन बातचीत

CWC सदस्य यशोमति ठाकुर और गुहला-चीका से विधायक देवेंद्र हंस ने सिरसा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग मुलाकातें कीं। इस दौरान पार्टी नेताओं से संगठन की स्थिति, आपसी मतभेद और आगामी रणनीति को लेकर फीडबैक लिया गया।

सिरसा पहुंचने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल और वरिष्ठ नेता राजकुमार शर्मा ने यशोमति ठाकुर का बुके देकर स्वागत किया।

यशोमति ठाकुर ने कहा कि कमेटी पूरे जिले में कार्यकर्ताओं और नेताओं की बात सुनने के लिए आई है। संगठन सृजन के तहत सभी क्षेत्रों में जाकर पार्टी को मजबूत करने के सुझाव लिए जा रहे हैं।

रानियां सीट जीतने का दावा

कांग्रेस में गुटबाजी से जुड़े सवाल पर यशोमति ठाकुर ने कहा कि किसी चीज को नकारात्मक नजरिए से देखने पर वह नकारात्मक ही दिखाई देती है। उन्होंने दावा किया कि रानियां विधानसभा सीट कांग्रेस अगली बार जरूर जीतेगी।

अब सिरसा विधानसभा क्षेत्र की बैठक के बाद कमेटी की रिपोर्ट तैयार होगी। रिपोर्ट AICC को भेजे जाने के बाद ही संगठनात्मक बदलाव को लेकर पार्टी हाईकमान की ओर से अंतिम फैसला लिए जाने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!