लिवइन में रखकर शादी से इनकार, इंदौर में दो युवतियों ने लगाए दुष्कर्म के आरोप
इंदौर में दो युवतियों ने लगाए दुष्कर्म के आरोप

इंदौर: इंदौर के भंवरकुआ इलाके में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों युवतियों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में 22 वर्षीय युवती ने अजय पुत्र शंकर मंसारे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। युवती के मुताबिक उसकी अजय से वर्ष 2024 में पहचान हुई थी और जुलाई 2024 में अजय ने उसे पसंद करने तथा शादी करने की बात कही थी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे और पिपल्यापाला इलाके में किराए का फ्लैट लेकर लिवइन में रहने लगे। शिकायत के अनुसार, साथ रहने के दौरान दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने, लेकिन जब युवती ने शादी की बात की तो आरोपी लगातार उसे टालता रहा। आरोप है कि 20 जून 2026 को अजय ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और फ्लैट छोड़कर चला गया। इसके बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी और पुलिस से शिकायत की। दूसरे मामले में शेफ के तौर पर काम करने वाली युवती ने बड़वानी निवासी कमलेश पुत्र राजाराम सोलंकी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। अगस्त 2025 में कमलेश ने युवती से शादी करने की बात कही, जिसके बाद दोनों तीन इमली इलाके में किराए के कमरे में साथ रहने लगे। शिकायत के मुताबिक 10 अगस्त 2026 को कमलेश ने शादी करने से इनकार कर दिया और इसके बाद युवती का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर बड़वानी चला गया। युवती ने आरोपी से संपर्क कर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उसने भंवरकुआ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शिकायतों में लगाए गए आरोपों, दोनों पक्षों के बीच संपर्क, साथ रहने की परिस्थितियों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




