Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
रांची

बड़ा तालाब के पास बनेगा नया पुलिस पोस्ट, अघोरी आश्रम के पास 24 घंटे तैनात रहेंगे 4 जवान

बंद चीनी फैक्ट्री में असामाजिक गतिविधियों की शिकायत के बाद फैसला, नो-एंट्री में भारी वाहनों और अतिक्रमण पर भी होगी सख्ती

रांची के बड़ा तालाब के पास अघोरी आश्रम और बंद चीनी फैक्ट्री परिसर में कथित असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला लिया है। पुलिस कार्यालय में मंगलवार को आयोजित ‘जन वार्तालाप’ कार्यक्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से मिली शिकायतों के बाद एसएसपी रांची ने बंद चीनी फैक्ट्री के परिसर में नया पुलिस पोस्ट बनाने का निर्णय लिया। प्रस्तावित पुलिस पोस्ट पर एक बीट ऑफिसर के साथ टाइगर मोबाइल की पेट्रोलिंग और चार पुलिस जवानों की 24 घंटे तैनाती रहेगी, जिससे इलाके में लगातार निगरानी रखी जा सके। स्थानीय लोगों ने अघोरी आश्रम के पास स्थित बंद फैक्ट्री परिसर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर पुलिस के सामने चिंता जताई थी। इसके अलावा जन वार्तालाप के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, यातायात जाम और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने अधिकारियों को क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश और सड़क किनारे पार्किंग को लेकर भी सख्ती का फैसला लिया गया। जालान रोड, भुइयां टोली, किशोरी सिंह यादव चौक और सेवा सदन क्षेत्र में नो-एंट्री के समय बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश और पार्किंग पर रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने या सड़क पर भारी वाहन खड़े पाए जाने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सब्जी बाजार में सड़क पर दुकानें लगाने के कारण होने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए रांची नगर निगम के साथ समन्वय कर संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की तैयारी है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इलाके में नशाखोरी, संदिग्ध गतिविधि या किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। नए पुलिस पोस्ट और 24 घंटे जवानों की तैनाती से बड़ा तालाब और अघोरी आश्रम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!