जयपुर से कोचिंग छात्र का अपहरण, 200 किमी दूर सड़क किनारे फेंका
जयपुर से कोचिंग छात्र का अपहरण, 200 किमी दूर सड़क किनारे फेंका; हाथ-पैर में गंभीर चोट

जयपुर में रेलवे परीक्षा की तैयारी कर रहे 29 वर्षीय युवक के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 5-6 युवकों ने उसे रास्ते में रोककर मोबाइल छीन लिया और जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद करीब 7 घंटे तक उसे बंधक बनाकर चलती कार में लाठी-डंडों से पीटा गया।
पुलिस के अनुसार, हमलावर युवक से उसके भाई के बारे में पूछते रहे। आरोपियों का कहना था कि उसके भाई ने उनकी पत्नी को कथित तौर पर भगा लिया है। इसी बात को लेकर युवक के साथ मारपीट की गई।
कोचिंग जाते समय रास्ते में रोका
पीड़ित मनोज करौली जिले के मामचारी गांव का रहने वाला बताया गया है। वह जयपुर के गोनेर रोड स्थित बैरवा कॉलोनी में किराए के कमरे में रहकर रेलवे परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
बुधवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने कमरे से कोचिंग के लिए निकला था। आरोप है कि महात्मा गांधी अस्पताल के पीछे पहुंचते ही पहले से मौजूद 5-6 युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर वहां से ले गए।
चलती कार में भी होती रही मारपीट
मनोज के पर्चा बयान के मुताबिक, कार में ले जाते समय भी आरोपी उससे उसके भाई और अपनी पत्नी से जुड़े मामले को लेकर सवाल करते रहे। इसी दौरान उसके साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई।
लगातार पिटाई के कारण उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि करीब 7 घंटे तक उसे आरोपियों के कब्जे में रखा गया।
जयपुर से करीब 200 किलोमीटर दूर छोड़कर फरार
आरोपियों ने मनोज को करौली जिले के मासलपुर क्षेत्र में रामपुरा पावर हाउस के सामने सड़क किनारे छोड़ दिया। बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब 4 बजे उसे वहां पटककर आरोपी फरार हो गए।
सड़क किनारे घायल हालत में मिले मनोज को पुलिस की मदद से करौली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पर्चा बयान के आधार पर केस दर्ज
शिवदासपुरा थाना पुलिस ने अस्पताल में भर्ती मनोज के पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस के सामने मुख्य सवाल यह है कि आरोपियों ने युवक को किस योजना के तहत जयपुर से उठाया और उसे करौली तक ले जाकर हमला क्यों किया। मामले में गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
हमारे मठ
हम बोलते हैं सच, बिना डर
RNI NO. HARHIN/2023/90591




