पिता की मौत पर दादा के रवैये से नाराज था पोता, दोस्त के साथ मिलकर हत्या का आरोप; शव नदी में फेंका

पाली। राजस्थान के पाली जिले के बाली क्षेत्र में 85 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मृतक के 16 वर्षीय पोते ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर दादा की हत्या की और इसके बाद शव को बोरे में डालकर स्कूटी से नदी के पास ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने नाबालिग को डिटेन किया है, जबकि उसके दोस्त और खेत की रखवाली करने वाले करीब 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना 10 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि 12 अगस्त को ग्रामीणों ने नदी किनारे एक शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान नाबालिग पोता घबरा गया, जिसके बाद उससे गहन पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि नाबालिग ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन की भी पड़ताल की गई, जिसमें हत्या के तरीकों से संबंधित इंटरनेट सर्च मिलने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार नाबालिग ने बताया कि परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे और उसका दादा बाहर सोया हुआ था। आरोप है कि उसने अपने दोस्त को बुलाया और दोनों ने मिलकर बुजुर्ग पर हमला किया। इसके बाद शव को बोरे में डालकर स्कूटी के जरिए नदी के पास ले जाया गया और वहां फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर कपड़े और बोरी भी जला दी। पुलिस जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और पुरानी नाराजगी की बात सामने आई है। नाबालिग के मुताबिक करीब तीन वर्ष पहले उसके पिता की मौत हुई थी और उसे लगा कि दादा ने इस मौत पर पर्याप्त दुख नहीं जताया, जिसके बाद उसके मन में दादा के प्रति नाराजगी बढ़ती गई। इसके अलावा परिवार में उसकी बहन की शादी को लेकर भी विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक इन्हीं घटनाओं को लेकर नाबालिग के मन में लंबे समय से रंजिश थी। मृतक के चार बेटों में से दो मुंबई में अपने परिवार के साथ रहते हैं, जबकि दो बेटों की पहले ही मौत हो चुकी थी। बुजुर्ग गांव में अपनी बहुओं और पोतों के साथ रहते थे। 12 अगस्त को शव मिलने के बाद मुंबई में रहने वाले बेटों को सोशल मीडिया के जरिए पिता की मौत की जानकारी मिली और 13 अगस्त को उन्होंने थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अब मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। नाबालिग होने के कारण उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई किशोर न्याय कानून के तहत की जाएगी।




